मामले में अभी तक नहीं हुई है किसी की गिरफ्तारी
- फोटो : demo pics
सलारा मोहल्ले की महिला की मौत का मामला और उलझ गया है। परिजन पहले दिन से उसकी हत्या और दुष्कर्म की आशंका जता रहे हैं, जबकि पुलिस की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि महिला के शव के साथ उसका प्राइवेट पार्ट नहीं मिला था। पीजीआई के फोरेंसिक विभागाध्यक्ष डॉ. एसके धत्तरवाल का कहना है कि महिला के शव से उसके संवेदनशील अंग को किसी जानवर ने नोंच लिया था। इस कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, मामले के तूल पकड़ने के बाद एसपी शशांक आनंद ने संज्ञान लिया था। उनके नेतृत्व में जांच शुरू की गई। एसपी ने ही महिला के मर्डर की पुष्टि की। इसके बावजूद मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
महिला की मौत मामले में पुलिस की कार्रवाई से परिजन और सामाजिक संगठन संतुष्ट नहीं हैं। उनका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। करीब 15 दिन पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों, सामाजिक संगठनों और कालोनीवासियों ने रोड जाम किया था। इसके बाद पुलिस ने एक प्रधानाचार्य और उसके दो नौकरों को हिरासत में लिया था। पुलिस ने दो दिन तक इनसे पूछताछ तो की, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। जबकि महिला के परिजनों ने इन पर हत्या की आशंका जताई थी। परिजनों का कहना था कि महिला सरकारी स्कूल की प्रधानाचार्य के घर काम करती थी, लेकिन छह माह पहले उसने काम छोड़ दिया था। एक दिन प्रधानाचार्य महिला के घर गई थी और उसे गाड़ी में बैठाकर ले गई थी। अगले दिन महिला प्रधानाचार्य के घर गई तो वापस नहीं आई। इसके बाद महिला का शव मिला था। महिला घरों में काम करके गुजारा करती थी। उसके पांच बेटियां और एक बेटा है। पति मजदूरी करता है।