जनता कॉलोनी की एक महिला के साथ उसके पति के मौसेरे भाई ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने छह महीनों पहले महिला को हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिवाजी कालोनी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले पुरानी दिल्ली के गोंडापुर निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद रहने लगा। विवाद इस हद तक पहुंच गया कि दोनों अलग रहने लगे। महिला अपने मायके में रहने लगी। महिला का कहना है कि उसके पति की मौसी का लड़का रेलवे रोड पर रहता है। वह महिला की शादी के बाद भी उसके पति के घर आता जाता रहता था। जब महिला अपने मायके आ गई तो वह उससे मुलाकात करने लगा। महिला का आरोप है कि उसने कुछ समय पहले उसके पति को कुछ रुपये उधार दिये थे। जब महिला अपने मायके आ गई तो वह उधार के रुपये उससे मांगने लगा। महिला का आरोप है कि करीब छह माह पहले वह अपने मायके में घर पर अकेली थी। इसी बीच वह घर आया। आरोप है कि उसने महिला अकेली पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही धमकी दी कि यदि किसी को कुछ बताया तो हत्या कर देगा। बाद में महिला ने सारे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने शिवाजी कालोनी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करवाया।