सरकार की बिजली मीटरों को लोगों के घरों से बाहर निकालने की योजना के कारण बिजली कर्मचारियों की जान आफत में आ गई है। गांवों में लोगों के घरों से मीटर बाहर लगाने जाने वाले बिजली कर्मियों पर आये दिन हमले हो रहे हैं। गरनावठी गांव में हालात कुछ ज्यादा खराब हैं। इस गांव को सरकार ने म्हारा गांव, जगमग गांव योजना में शामिल करने की तैयारी कर ली, ताकि ग्रामीणों को ज्यादा बिजली मिल सके। इस गांव में पिछले पांच दिन से बिजली कर्मी मीटर बाहर लगाने के लिए जा रहे हैं, लेकिन उन्हें कुछ लोग दौड़ा ले रहे हैं। यह हालत तब है जबकि कर्मचारियों के साथ पुलिस भी होती है, लेेकिन जब लोग विरोध में कर्मचारियों को दौड़ाते हैं तो पुलिस वाले मूकदर्शक बन जाते हैं। परेशान होकर बिजली निगम की ओर से कलानौर थाने में पांच शिकायतें दी गई हैं, जिनमें से दो पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बिजली चोरी रोकने के लिए सरकार ने लोगों के घरों के अंदर लगे बिजली के मीटरों को बाहर लगाने का अभियान चलाने के निर्देश बिजली निगम के अधिकारियों को दिए हैं। माना जाता है कि मीटर घर के अंदर लगे होने से बिजली चोरी होती है। किसी पर बिल बकाया हो जाता है तो उसका मीटर उतारने में परेशानी होती है। इस कारण बिजली निगम ने मीटर बाहर लगाने का अभियान चलाया है। इसके अलावा कई गांवों को म्हारा गांव, जगमग गांव योजना में शामिल किया जा रहा है। इस कारण वहां मीटर घरों से बाहर निकाले जा रहे हैं, जिससे गांवों में बिजली आपूर्ति बढ़ाई जा सके।
सब अर्बन के गरनावठी गांव को इस योजना में शामिल करने के लिए घरों से बाहर मीटर निकालने का काम शुरू किया गया। एक्सईएन धर्मबीर छिकारा ने बताया कि वहां पिछले पांच दिन तक टीम लगातार गई, जिससे जल्द मीटर घरों से बाहर निकाले जा सके। लेकिन टीम काम शुरू करती है तो वहां के कुछ लोग उनपर हमला करके दौड़ा लेते है। वहां पुलिस को साथ लेकर भी टीम पहुंची, लेकिन उसके बावजूद कुछ नहीं हुआ। एक्सईएन ने बताया कि इस मामले में निगम की ओर से पांच शिकायत पुलिस को दी गई है, जिनमें से दो पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनके अनुसार पुलिस से मीटर बाहर निकलवाने के लिए भारी पुलिस बल की मांग की गई है, ताकि मीटर बाहर निकालकर गांव को म्हारा गांव, जगमग गांव योजना में शामिल किया जा सके।
मीटर बाहर निकालने पर कर्मियों पर लगातार हो रहे हमले
बिजली कर्मियों पर मीटर बाहर लगाने जाने पर पहली बार हमला नहीं हुआ है। मीटर घर के बाहर लगाने और बदलने पर उनके साथ हाथापाई और अभद्रता तक की गई है। दस दिन पहले निंदाना में मीटर बाहर निकालने गई बिजली निगम की टीम के साथ हाथापाई करके भगा दिया गया था। उसके बाद मोरखेड़ी में पुलिस के सामने ही टीम को दौड़ा लिया गया था, जबकि पुलिस खड़ी देखती रही। इनके अलावा भी कई जगहों पर हाथापाई हो चुकी है।
गरनावठी में बिजली निगम के कर्मचारी घरों से मीटर बाहर निकालने के लिए गए थे। गांव को म्हारा गांव, जगमग गांव योजना में शामिल किया जाना है, जिससे लोगों को ज्यादा बिजली मिल सके। गांव में टीम लगातार पांच बार गई, लेकिन हर बार भगा दिया गया। इस मामले में पांच शिकायत दी गई, जिनमें से दो पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
- धर्मबीर छिकारा, एक्सईएन सब अर्बन!