हरियाणा के यमुनानगर के नारायणगढ़ से अपहृत यूपी के संभल स्थित मदरसे में पढ़ाने वाले शिक्षक हयात व उसके साथी अमरोहा के हयातुर रहमान 10 घंटे तक रोहतक के डेयरी मोहल्ले में बंधक बनाकर परिजनों से फिरौती मांगी गई। परिवार के लोग रोहतक पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस ने डेयरी मोहल्ले में दबिश देकर शिक्षक व उसके साथी को मुक्त कराया। मामले में महिला सहित छह लोगों के खिलाफ अपहरण कर बंधक बनाने व फिरौती मांगने का केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां महिला को जमानत मिल गई, जबकि पांच युवकों को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक यूपी के संभल जिले के थाना नखासा स्थित लोधी सराय कॉलोनी निवासी हयात ने दी शिकायत में बताया कि वह संभल स्थित मदरसे में बच्चों को पढ़ाता है। साथ ही झाड़-फूंक का काम भी करता है। 15 दिन पहले उसके दोस्त हयातुर रहमान निवासी हसनपुर जिला अमरोहा, यूपी ने बताया कि उसके पास शामली निवासी जाबिर हसन का फोन आया है।
हरियाणा के नारायणगढ़ में एक महिला को झाड़ा लगाना है। 20 जनवरी को हयात और हयातुर जाबिर के साथ नारायणगढ़ पहुंचे। वहां एक मकान में रोहतक निवासी राजीव व चांद मिले। उनके कहने पर एक महिला को झाड़ा लगाया और पानी पिलाया। शाम करीब छह बजे घर पर दो अन्य लड़के फराज व रणजीत भी आ गए।
चारों ने जाबिर के साथ दोनों के मोबाइल छीन लिए। इसके बाद केस में फंसाने की धमकी दी और घर से फोन कर पैसे मंगवाने के लिए बोला। इतना ही नहीं, मारपीट करके कार में डाल लिया और रोहतक के लिए रवाना हो गए। रास्ते में रणजीत ने जेब से 1600 व हयातुर की जेब से 300 रुपये निकाल लिए। राजीव ने हयात के फोन से अपने फोन में जबरन पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
घर वालों को फोन कर मांगे पांच-पांच लाख की फिरौती
मदरसा शिक्षक ने बताया कि आरोपियों ने उसके परिजनों व दोस्त को फोन कर पांच-पांच लाख रुपये की मांग की। उसके दोस्त वसीम उर हसन से जबरन 50 हजार रुपये मंगवाए, लेकिन गूगल पे से राशि आरोपियों के खाते में नहीं आ सकी। केवल चार हजार रुपये ही खाते में आए। इसके बाद आरोपी 21 जनवरी की सुबह रोहतक के डेयरी मोहल्ला में मुकेश नाम की महिला के मकान पर ले आए। मारपीट करके बंधक बना लिया। साथ ही मटकी पर लाल कपड़ा बांधकर नकली सोने के जेवरात को असली जेवरात में बदलने के मामले में फंसाने की धमकी दी। उसके भाई जावेद रसूल को फोन कर 5 लाख रुपये की फिरौती दोहराई। परिवार के लोग पैसे लेकर रोहतक आए और पुलिस को सूचित किया।
शाम सात बजे दी पुलिस ने दबिश, सकुशल छुड़वाया
शनिवार शाम करीब सात बजे पुलिस ने सब्जी मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र के नेतृत्व में डेयरी मोहल्ले की महिला मुकेश के मकान पर दबिश दी। जब महिला से पूछा कि घर पर किसी को बंधक बना रखा है तो उसने इन्कार कर दिया। जब पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो सात लोग बैठे थे, जिनमें दो सहमे दिखे। पूछताछ में सहमे युवक की पहचान यूपी निवासी हयात व उसके दोस्त हयातुर रहमान के तौर पर हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपियों को काबू कर पीड़ितों का मेडिकल करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
आरोपी महिला मुकेश को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। 20 दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आई थी। उसके मकान से पुलिस ने अपहृत करके बंधक बना गए यूपी के हयात व हयातुर को मुक्त कराया है। साथ ही पांच आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
- इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, प्रभारी थाना पुरानी सब्जी मंडी