पीजीआईएमएस कैंटीन में अधिक रुपये वसूलने को लेकर मारपीट
- फोटो : amar ujala
पीजीआईएमएस की कैंटीन में चिप्स के दाम अधिक लेने पर कैंटीन संचालक और ग्राहक के बीच जमकर मारपीट हुई। यहां तक दुकानदार ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल मारकर ग्राहक का सिर फोड़ दिया। इसके बाद लोगों ने कैंटीन संचालक की जमकर पिटाई की। पीड़ित पक्ष ने पीजीआईएमएस थाने में मामला दर्ज कराया है।
धामड़ गांव का रहने वाले वेदप्रकाश मंगलवार को अपनी पत्नी रामकली, पुत्रवधु संगीता और पोते रियान को लेकर पीजीआईएमएस में उपचार कराने आया था। कुछ देर बाद खाने का सामान लेने के लिए वह कैंटीन में पहुंचा और दुकानदार से चिप्स का पैकेट लिया। पैकेट पर कम रेट थे जबकि दुकानदार ने वेदप्रकाश से अधिक रुपये ले लिए। इस पर वेदप्रकाश ने कैंटीन में दोबारा जाकर इसका विरोध जताया। आरोप है कि दुकानदार गलती मानने की बजाय कहासुनी पर उतारू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दुकानदार ने वेदप्रकाश के सिर पर कोल्ड ड्रिंक की बोतल मारकर सिर फोड़ दिया। कैंटीन में काम कर रहे अन्य कर्मचारी भी उसके साथ मारपीट करने लगे। मारपीट में बच्चा भी दूर जाकर गिर गया। कैंटीन संचालकों की दबंगई देखते हुए वहां पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने कैंटीन संचालक को जमकर पीटा। इस दौरान कुछ लोगों ने कैंटीन की कुर्सी-मेज भी इधर-उधर फेंक दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष वहां से निकलकर थाने पहुंचा और दुकानदार की शिकायत की। पीजीआईएमएस एसएचओ राकेश ने बताया कि शिकायत के आधार पर कैंटीन संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
पीजीआईएमएस की कैंटीन में अधिक दाम वसूलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार अधिक रुपये लेने को लेकर विवाद हो चुके हैं। पीजीआईएमएस प्रशासन को भी इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। यही कारण है कि दुकानदार मनमाफिक दाम वसूलते हैं।