बिजली चोरी रोकने गई निगम के जेई और कर्मचारियों के साथ सांपला में शनिवार को ग्रामीणों ने मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। टीम ने किसी तरह पुलिस को बुलाकर जान बचाई। मामले में निगम अधिकारियों ने शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
सांपला में बिजली निगम के जेई नरेश कुमार को दिल्ली रोड पर पेट्रोल पंप के सामने वाली गली में बिजली चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना पर जेई अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उस व्यक्ति के मकान का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, जिसके यहां बिजली चोरी होने की सूचना मिली थी। मकान का दरवाजा नहीं खुला तो बाहर से ही मीटर देखा। मीटर को बंद करके बिजली चोरी हो रही थी। जेई ने उसकी वीडियोग्राफी करानी शुरू कर दी। बिजली निगम का छापा पड़ने पर वहां एक युवक आया और वह उस तार को हटाने लगा, जिसे लगाकर बिजली चोरी हो रही थी। बिजली कर्मियों ने ऐसा करने से मना किया तो उस परिवार की महिलाएं वहां आ गई और बिजली कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने कर्मियों के कपड़े फाड़ दिए। बिजली कर्मचारियों ने किसी तरह पुलिस को फोन करके वहां बुलाया और अपनी जान बचाई। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बिजली निगम के एक्सईएन बीएस मलिक ने बताया कि टीम के साथ अभद्रता की गई थी, इस संबंध में शिकायत दर्ज करवा दी है।