लुधियाना से शरबद दा भला ट्रेन से आए एनएसजी के पूर्व ब्लैक कमांडो सत्यवीर गौतम को दो युवकों ने रोहतक के भिवानी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज की सीढ़ियों पर चाकू अड़ाकर लूट लिया। लुटेरे डेढ़ लाख की कीमत का आईफोन, 3 हजार की नकदी व कागजात ले गए। जीआरपी व नई अनाज मंडी चौकी पुलिस जहां क्षेत्र को लेकर उलझी रही, वहीं दूसरी तरफ लुटेरे शीतल नगर में वाटर वर्क्स के पास मोबाइल व कागजात रखकर फरार हो गए। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पालिका कॉलोनी निवासी सत्यवीर गौतम ने दी शिकायत में बताया कि वह निजी कार्य से दो दिन पहले 17 नवंबर को लुधियाना गया था। वापस दिल्ली जाने वाली ट्रेन शरबद दा भला ट्रेन से रात 10 बजकर 25 मिनट पर रेलवे स्टेशन पर उतरा। स्टेशन के बाहर से भिवानी चुंगी के लिए ई-रिक्शा ली।
रिक्शा में दो सवारी पहले से बैठी थी, जो रास्ते में किला रोड के पास उतर गई। इसके बाद ई-रिक्शा चालक व उसके दोस्त ने उसे पुराने बस स्टैंड से थोड़ी आगे रेलवे ओवरब्रिज की सीढ़ियों के पास उतार दिया। किराया देने के लिए उसने मोबाइल की लाइट जलाई और पर्स के अंदर से 30 रुपये दे दिए। वह चार सीढ़ी नीचे उतरा ही था कि दो युवक भागते हुए आए।
एक ने पीछे से गला दबा लिया, जबकि दूसरे ने आगे बढ़कर पेट पर चाकू अड़ा दी। इसके बाद जेब से मोबाइल व पर्स निकाल लिया। दोनों धमकी देकर मौके से फरार हो गए। वह घर पहुंचा और बेटे को साथ लेकर नई अनाज मंडी पुलिस चौकी में गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की बताया कि क्षेत्र जीआरपी का लगेगा। जीआरपी थाने से एएसआई राकेश आ गए। रात को जीआरपी व नई अनाज मंडी चौकी पुलिस क्षेत्र को लेकर उलझी रही।
सुबह झज्जर चुुंगी से आया दुकानदार का फोन, दुधिया को मिला है मोबाइल व कागजात
पूर्व कमांडो ने बताया कि अगले दिन सुबह उसके पास झज्जर चुंगी के नजदीक से एक दुकानदार का फोन आया। उसने बताया कि आपका मोबाइल व कागजात शीतल नगर में वाटर वर्क्स के पास एक दूधिया को मिले हैं, जो उसकी दुकान पर दूध देने आता है। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कागजात कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस ने उन रिक्शा चालक को काबू किया, जो रात को पूर्व ब्लैक कमांडो को लेकर गए थे। हालांकि अभी तय नहीं हो सका कि वारदात ई-रिक्शा चालक व उसके दोस्त ने अंजाम दी है या दो अन्य युवकों ने।
डीएसपी से मिला पूर्व ब्लैक कमांडो, तब शुरू की शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने जांच
शिकायतकर्ता ने बताया कि दोनों युवकों के हाथ आने के बावजूद जीआरपी व शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस आपस में उलझी रही। वह मामले को लेकर डीएसपी मुख्यालय डॉक्टर रवींद्र से मिला। डीएसपी ने एसएचओ शिवाजी कॉलोनी से बात की। इसके बाद नई अनाज मंडी चौकी पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
वारदात किसने अंजाम दी, यह अभी तय नहीं है। ई-रिक्शा चालकों के साथ दो अन्य युवक भी शक के दायरे में हैं। आरोपियों की लोकेशन खंगाली जा रही है। ठोस तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला दर्ज कर लिया गया है।
- राजेश कुमार, प्रभारी, नई अनाज मंडी पुलिस चौकी