कांग्रेस के पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी के पैतृक गांव मदीना के एक युवक रविंद्र का खेतों से छह-सात युवकों ने अपहरण कर लिया और कार की डिग्गी में डालकर ले गए। आरोपियों ने उसका पैर तोड़ दिया और साढ़े 6 हजार से ज्यादा की नकदी भी लूटकर ले गए। इस संबंध में बहुअकबरपुर थाने में अपहरण, लूट, मारपीट व धमकी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मदीना निवासी रवींद्र ने दी शिकायत में बताया कि 18 जनवरी की शाम करीब सात बजे वह पानी लाने के लिए खेतों में रजबाहे पर गया था। वहां पर पहले से ही गाड़ियां खड़ी थीं, जिनमें एक दिल्ली तो दूसरी हरियाणा नंबर की थी। जब वह पानी भर रहा था तो छह-सात युवक आए और उसे जबरन कार की डिग्गी में डाल लिया। दूर दूसरे खेत में ले जाकर पहले उसके साथ मारपीट की, फिर पर्स से 6 हजार 730 रुपये निकाल लिए। उसके बाद मोखरा गांव के ठेके पर ले गए। वहां पर न केवल मारपीट की, बल्कि डंडे मारकर पैर तोड़ दिया। आरोपियों ने उससे कहा कि तुम पर अवैध तरीके से शराब बेचने का केस दर्ज करा देंगे। इसके बाद वापस उसी रजबाहे पर छोड़कर चले गए। जाते समय जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी खरकड़ा निवासी अनिल, बहुअकबरपुर निवासी बिंदा व प्रवेश उर्फ ताऊ, मदीना निवासी संजीत, बरहान निवासी देवेन्द्र व दो अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।