चांदी गांव में एक जमीन की दोबारा रजिस्ट्र्री करने पर महम तहसीलदार समेत सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस में शिकायत देने के बाद मुकदमा दर्ज नहीं होने पर झंग कालोनी निवासी किसान कोर्ट की शरण में गया था। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
झंग कालोनी में रहने वाले बलबीर सिंह ने चांदी गांव के पास जमीन खरीदी थी, जो इस समय उसके नाम पर है। आरोप है कि उस जमीन पर कब्जा करने के लिए चांदी गांव के ओमप्रकाश, लाखनमाजरा के बलराज, सोनीपत मोई की कमलेश, गुड़गांव दौलताबाद की बिमला व निर्मला ने फर्जी रजिस्ट्री करवा ली। फर्जी रजिस्ट्री को तैयार करने में महम के तहसीलदार व सब रजिस्ट्रार पर भी शामिल होने का आरोप लगाया गया है। फर्जी रजिस्ट्री होने का पता चलने पर बलबीर ने थाने में शिकायत दी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसके बाद एसपी और आईजी से भी शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद किसान ने एसडीजेएम आर्य शर्मा के यहां याचिका दायर की। अदालत ने मामले में पुलिस से रिपोर्ट मांगी तो पूरी स्थिति को देखते हुए धोखाधड़ी करने वाले सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। अदालत से आदेश होते ही सभी पर लाखनमाजरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।