रोडवेज फ्लाइंग को देखकर बस से उतरकर भागना एक युवक को भारी पड़ गया। सड़क पर भागते समय पीछे से आ रही एक नीली बत्ती लगी वीआईपी गाड़ी ने युवक को कुचल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मदीना टोल के कर्मचारी युवक को लेकर पीजीआई पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को रोडवेज की फ्लाइंग टीम मदीना टोल पर प्लाजा पर चेकिंग अभियान चला रही थी। यहां बसों में यात्रियों के पास टिकट की जांच की जा रही थी। इसी बीच फ्लाइंग ने एक रोडवेज की बस को रुकने का इशारा किया। जैसे ही बस रुकी, उसमें से हिसार के सिंघवा खास निवासी अजय उतरकर सड़क की तरफ भाग लिया।
फ्लाइंग ने अजय पीछा भी किया मगर थोड़ी दूरी पर जाने के बाद ही एक नीली बत्ती की गाड़ी ने उसको कुचल दिया। टक्कर लगने के बाद अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरा। चालक नीली बत्ती की गाड़ी के साथ मौके से फरार हो गया। बाद में टोल कर्मचारी अजय को लेकर पीजीआई पहुंचे लेकिन यहां डॉक्टरों ने उसे मरा बता दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।