जम्मू स्थित सांबा के ट्रक चालक निर्मल सिंह की हत्या के दोषी यूपी के गोरखपुर जिले के गांव चिमचा निवासी बजरंगी को हरियाणा के रोहतक में सेशन जज राकेश कुमार यादव की अदालत ने शनिवार को आजीवन कारावास व 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न भरने पर दोषी को ढाई साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक 9 जून 2018 को सिंहपुरा कलां के नये बाईपास पर एक अज्ञात व्यक्ति का जली हालत में शव मिला था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच पड़ताल की। जांच में मृतक की शिनाख्त जम्मू-कश्मीर के सांबा निवासी निर्मल सिंह के तौर पर हुई, जो ट्रक चालक था। उसी ट्रक पर गोरखपुर के गांव चिमचा निवासी बजरंगी क्लीनर की नौकरी करता था।
चार साल पहले दोनों ट्रक लेकर रोहतक से वाया जींद होते हुए जम्मू रवाना हुए। ट्रक चालक निर्मल सिंह क्लीनर बजरंगी को ट्रक चलाने के लिए कहकर सो गया। गलती से बजरंगी ट्रक को जींद रोड की बजाय हिसार रोड पर 60 से 70 किलोमीटर आगे ले गया।
जब चालक की आंख खुली तो उसने क्लीनर को टोका। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर बजरंगी ने ट्रक चालक निर्मल सिंह के सिर में व्हील पाना से वार कर दिया। इससे निर्मल सिंह की मौत हो गई।
क्लीनर ट्रक लेकर जींद रोड पर पहुंचा और शव सड़क किनारे डालकर आग लगा दी। इसके बाद दोषी ट्रक लेकर सैदपुर (सोनीपत) झुग्गी झोपड़ी में अपने घर चला गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
तभी से आरोपी के खिलाफ जिला अदालत में हत्या का केस चल रहा था। वीरवार को सेशन कोर्ट ने उसे ट्रक चालक की हत्या का दोषी करार दिया। अब शनिवार को दोषी को आईपीसी की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास व 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
जुर्माना न भरने पर दो साल की अतिरिक्त सजा का प्रावधान किया गया है। वहीं, आईपीसी की धारा 201 के तहत 3 साल की कैद व 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न भरने पर छह माह की अतिरिक्त सजा का प्रावधान किया गया है। दोनों सजा एक साथ चलेंगी।