पहले दिन एचटेट लीक होने के बाद नकल माफियाओं ने पुलिस के दूसरे दिन भी
होश उड़ा दिए। पुलिस इतनी बौखला गई कि आईसी कॉलेज के सामने से एक संदिग्ध
को उठाकर पहले तो उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर
लिया। बाद में दबाव में पुलिस ने खुद को क्लीन चिट देने के लिए छह घंटे बाद
घोषणा कर दी कि एचटेट का पेपर लीक नहीं हुआ है। इतना ही नहीं पुलिस ने
अपनी पुष्टि में भिवानी बोर्ड को भी साथ लिया।
इसके बाद लगातार पुलिस के
सुर बदलते रहे। बाद में पुलिस ने कहा कि युवक से मिली आंसर की बोर्ड से
मिलान कराई गई थी। मिलान में आंसर-की गलत मिली। अब पुलिस का कहना है कि
संबंधित संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।
दरअसल गांव बोहर निवासी एक
युवक सुबह आईसी कॉलेज में अपने किसी परिचित को परीक्षा केंद्र पर छोड़ने
आया था। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही एक युवक बाइक पर उसके पास आया
और एक पर्ची उसे दी। इस पर्ची पर पेपर के प्रश्नों से जुड़े कुछ आंसर थे।
जैसे ही पुलिस को संदिग्ध के बारे में भनक लगी तो पुलिस ने पर्ची लेने वाले
युवक को तो दबोच लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
पुलिस को देखकर आरोपी ने
पर्ची को मुंह में चबाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसके मुंह से
पर्ची को निकाल लिया। यहां से युवक को सिविल लाइन थाने ले जाया गया। यहां
आधा घंटे तक पुलिस ने उससे पूछताछ की और आंसर-की से जुड़ी पर्ची के बारे
में पूछा। जब कुछ मीडिया कर्मी थाने में पहुंचे तो एसएचओ ने कहा कि
उन्होंने युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। लेकिन अधिकारिक तौर पर कुछ
बोलने के लिए डीएसपी की तरफ इशारा कर दिया।
इसी बीच चारों तरफ रोहतक
में परचा लीक होने की अफवाह फैल गई। सूत्रों की मानें तो शनिवार को परीक्षा
कैंसिल होने के बाद जिला पुलिस के अधिकारियों पर दर्ज एफआईआर को कैंसिल
करने का दबाव बनाया गया। शाम तक युवक से पूछताछ करने के बाद पुलिस के सुर
बदल गए।
पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जिले में आंसर-की लीक
नहीं हुई है। युवक से मिली पर्ची असली आंसर-की से मैच नहीं करती है।
सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी
पुलिस
ने परीक्षा के दौरान विभिन्न केन्द्रों से कई संदिग्धों को हिरासत में
लिया है। इनसे आंसर-की और पेपर से जुड़ी अन्य चीजों पर पूछताछ की जा रही
है। हालांकि अभी तक पुलिस ने जिलेभर में कोई एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि
नहीं की है।
जिलेभर में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा आयोजित
हुई है। पेपर लीक होने जैसी कोई भी घटना नहीं हुई है। कुछ संदिग्धों को
पकड़ा गया था। उनसे पूछताछ की जा रही है। कु छ संदिग्धों को छोड़ दिया गया
है।
शशांक आनंद, एसपी, रोहतक।
सुबह हिरासत में लिए युवक से एक पर्ची
बरामद की गई थी। मगर पर्ची में आंसर-की से जुड़ी कोई भी चीज नहीं मिली।
पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया गया। थाने में कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं की
गई है।
संदीप पूनिया, एसएचओ, सिविल लाइन थाना, रोहतक।