एमसीडी कर्मचारी ने बेटे को रुपये निकालने भेजा सांपला
- फोटो : getty images
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। शातिरों ने झज्जर के गांव दहकोरा निवासी यशबीर का एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपये ठग लिए। इस संबंध में सांपला थाने में अज्ञात दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में यशबीर ने बताया कि वह दिल्ली एमसीडी में काम करते हैं। घर में रुपयों की जरूरत होने पर यशबीर ने पहली अक्तूबर को अपने बेटे निखिल एटीएम से रुपये निकालने सांपला भेजा था। निखिल ने दो बार रुपये निकालने का प्रयास किया लेकिन नकदी नहीं निकली। तभी दो तीन युवक एटीएम केबिन के अंदर आए। युवकों ने निखिल से उनकी मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड मांगा। भरोसे में लेकर युवकों ने निखिल से एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद भी पैसे नहीं निकलने पर निखिल लौट गया। कुछ देर बाद यशबीर के मोबाइल पर 70 हजार रुपये निकासी का संदेश आया। आरोपियों ने जितने पैसे निकल सकते थे निकाले और कुछ रुपये दूसरे के खाते में ट्रांसफर कर दिए। यशबीर ने तुरंत निखिल को कॉल कर पूछा कि क्या रुपये किसी के खाते में ट्रांसफर किए हैं। इस पर निखिल ने कहा कि ट्रांसफर तो दूर रुपये तो निकलने ही नहीं। तभी निखिल वापस उसी एटीएम पर गया लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद यशबीर ने पुलिस को मामले की शिकायत दी। जांच अधिकारी ओमप्रकाश का कहना है कि एटीएम की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।