वहीं, मृतक के चचेरे भाई इस्माइल का आरोप है कि फिरोजपुर झिरका सीआईए और बजरंग दल के मोनू मानेसर व रिंकू सैनी, फिरोजपुर झिरका ने अपने साथियों के साथ उनके दोनों भाइयों की गाड़ी का पीछा किया। सीआईए की गाड़ी ने आगे से टक्कर मारी और बजरंग दल सदस्यों ने उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मारकर रोक लिया। फिर मारपीट कर दोनों को अधमरा कर दिया। उन्हें थाने ले जाया गया।
आरोप है कि थाने की पुलिस ने वापस ले जाने को कह दिया। इसके बाद दोनों को बोलेरो में ही भिवानी जिले के लोहारू के गांव बारवास की बणी में ले जाकर जिंदा जलाकर मार डाला। परिजनों ने दोनों युवकों के अपहरण, मारपीट के बाद उनकी हत्या के बाद शव खुर्द-बुर्द किए जाने के आरोप भी सीआईए फिरोजपुर झिरका व बजरंगदल सदस्यों पर लगाए हैं। फिलहाल भिवानी पुलिस दोनों जले हुए कंकालों को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।
गाड़ी के चेसिस नंबर से हुई पहचान, गोपालगढ़ पुलिस भी पहुंची लोहारू
लोहारू पुलिस ने जली हुई बोलेरो के चेसिस नंबर से दोनों मृतकों के बारे में पता लगाया। इसके बाद भरतपुर गोपालगढ़ पुलिस थाना के एसएचओ रामनरेश लोहारू पुलिस थाना पहुंचे। एसएचओ ने दोनों मृतकों की पहचान गांव घाटमिका निवासी नासिर और जुनैद के रूप में कर दी। इसके बाद मृतक के परिजनों को भी बुलाया गया।
मुजरिम जाने माने गोरक्षक
दो दिन पहले जुनैद और नसीर को राजस्थान से अगवा कर लिया गया था। आज उनकी जलाई हुई लाशें मिलीं हैं। अशोक गहलोत की पुलिस ने वक्त पर कार्रवाई नहीं की और अभी तक मुजरिमों को गिरफ्तार नहीं किया। मुजरिम जाने-माने गोरक्षक हैं। जुनैद और नसीर के परिवार के साथ इंसाफ होना चाहिए। -
असदुद्दीन ओवैसी।
मरने वाले युवकों में से एक पर गो तस्करी के कई केस दर्ज
बोलेरो में जलाकर मारे गए दोनों युवक गो तस्करी से जुड़े बताए जा रहे हैं। भरतपुर पुलिस के अनुसार एक युवक पर गो तस्करी के कई मामले दर्ज हैं, वहीं दूसरे के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। भरतपुर पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
बोलेरो के अंदर दो लोगों के जली हुई हालत में कंकाल मिले हैं। इन दोनों के अपहरण और मारपीट का केस भरतपुर जिले के गोपालगढ़ पुलिस थाने में दर्ज है। मृतकों की शिनाख्त डीएनए के जरिये ही कराई जाएगी। भिवानी पुलिस इस संबंध में परिजनों के बयान दर्ज कर हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई करेगी। - अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक भिवानी।