फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गार्ड को बेहोश कर बंधक बनाने का प्रयास, शोर सुना तो दुकानदारों ने दबोचा

Fri, 11 Dec 2015 02:25 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुद्वारा बंगला साहिब प्रबंधन समिति के प्रधान सरदार अवतार सिंह डोली के घर पर दो हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। पथरी की दवाई लेेने के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने गार्ड को बेहोश कर बंधक बनाने की भी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए।
विज्ञापन


शोर सुनकर आसपास के दुकानदार पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों को दबोच लिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को हिरासत में ले लिया।

प्रधान ने बताया कि वे पथरी की दवाई नि:शुल्क देते हैं। बृहस्पतिवार को किसी काम से दिल्ली गए थे। लाल मस्जिद के पास स्थित घर पर शाम 7:45 बजे दो युवक पहुंचे। यहां मौजूद गार्ड दिलबाग से पथरी की दवा मांगी। जब गार्ड दवा लेने घर के अंदर गया तो दोनों बदमाश भी उसके पीछे-पीछे घर के अंदर घुस गए। गार्ड दिलबाग ने बताया कि एक ने दरवाजा बंद कर दिया और दूसरे ने चाकू निकाल लिया।

दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक बदमाश ने बैग में से एक शीशी निकाली और दूसरे ने कहा कि उसे दवा सुंघा कर बेहोश कर दो। इससे पहले ही दिलबाग सिंह ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ऊपर मौजूद एक अन्य नौकर गोपाल नीचे आया। उसे देखकर बदमाशों के हाथ से शीशी गिर गई।
विज्ञापन

 
महिलाओं ने मचाया शोर तब मिली मदद
प्रधान के घर में उनकी पत्नी इंद्रजीत कौर, दिल्ली से आई उनकी दो बहनें रवींद्र कौर और गुरबचन कौर ऊपर ही थीं। शोर सुनकर उन्होंने खिड़की से बाहर झांका और मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार घर की ओर दौड़े। इसी दौरान बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाहर मौजूद लोगों ने उन्हें दबोच लिया।

बदमाशों के पास नकली पिस्तौल और चाकू
सब्जी मंडी थाने और पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना दी गई। पहले सब्जी मंडी थाना पुलिस और बाद में कंट्रोल रूम से भी एक टीम आई। पुलिस दोनों बदमाशों को थाने ले गई। दोनों बदमाशों की तलाशी ली गई तो उनके पास से एक चाकू और एक खिलौना रिवाल्वर निकली।

 हालांकि वह शीशी नहीं मिली जो गार्ड को बेहोश करने के लिए निकाली गई थी। घर में भी वह नहीं मिली।

चार पांच दिन से कर रहे थे रैकी
दुकानदारों ने बताया कि दोनों बदमाश चार पांच दिनों से यहीं घूम रहे थे। कभी किसी दुकान पर जाते तो कभी किसी दुकान पर। इसी दौरान उन्होंने यह बात पता कर ली कि अवतार सिंह डोली पथरी की दवा देते हैं। इसी बहाने बदमाशों ने घर में घुसने की कोशिश की।

इलेक्ट्रानिक डिवाइस भी था बैग में
दुकानदारों ने बताया कि दोनों के बैग से एक इलेक्ट्रानिक डिवाइस भी बरामद हुई है। यह डिवाइस कंप्यूटर या इलेक्ट्रिक लॉक को तोड़ने के काम आती है। यह बात साफ होती दिखाई दे रही है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से ही धावा बोला था। हालांकि हकीकत पुलिस पूछताछ के बाद ही सामने आएगी। पुलिस का कहना है कि बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन


किसी गिरोह से भी जुड़े हो सकते हैं तार
बदमाशों को शातिर बताया जा रहा है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि बदमाश किसी गिरोह के सदस्य हो सकते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें