दिल्ली के मेट्रो और प्रदेश के जिला कोर्ट परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने वाली कंपनी अब रोहतक सिटी में भी कैमरे लगा रही है। शुक्रवार को पहला कैमरा अंबेडकर चौक पर लगाया गया, जो रात को भी रिकार्ड कर सकता है। शहर के कुल 23 चौक-चौराहों पर 90 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। संवेदनशील चौक-चौराहों पर 3 से 5 तक सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्लानिंग है। पूरे प्रोजेक्ट पर नगर निगम प्रशासन दो करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।
पिछले साल फरवरी माह में भड़के दंगों में शहर आग की चपेट में आ गया था। न केवल प्रदेश के वित्तमंत्री की कोठी को आग के हवाले किया गया, बल्कि बड़े व्यापारियों के मॉल से लेकर शोरूम तक में आग लगाई गई। सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील हो चुके शहर में नगर निगम ने उच्च क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला किया था।
सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने निगम, पुलिस और बीएसएनल के अधिकारियों के साथ बैठक करके संवेदनशील चौक-चौराहों को निरीक्षण किया था। अब नगर निगम ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कैमरे लगाने की जिम्मेदारी दिल्ली की उस कंपनी को दी गई है, जिसने मेट्रो स्टेशन, मेट्रो ट्रेन से लेकर प्रदेश के अंदर कोर्ट परिसर में कैमरे लगा रखे हैं।
50 मीटर तक मार, 20 दिन की रिकार्डिंग क्षमता
कैमरे लगाने पहुंचे निजी कंपनी के कर्मचारी मनीष ने बताया कि कैमरे उच्च क्वालिटी के हैं। संवेदनशील चौक-चौराहों पर नाइट विजन कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो 50 मीटर दूरी तक की फिल्म तैयार करते हैं। साथ ही 20 दिन की रिकार्डिंग क्षमता भी कैमरों के अंदर है।
ब्रेकर बनवाए प्रशासन, गति पड़ेगा फर्क
कंपनी कर्मचारियों ने बताया कि दिल्ली बाईपास, अंबेडकर चौक, शीला बाईपास से लेकर सोनीपत स्टैंड तक संवेदनशील चौक हैं। इन जगहों पर 3 से 5 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अगर प्रशासन उक्त चौक-चौराहों पर ब्रेकर बना दे तो कैमरों में बेहद साफ रिकार्डिंग हो सकेगी। क्योंकि जब वाहन तेज गति से निकलता है तो उसका नंबर साफ नजर आने में दिक्कत रहती है।
यहां-यहां लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
अंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड, दिल्ली बाईपास, शीला बाईपास, सुखपुरा चौक, जींद बाईपास चौक, हिसार बाईपास चौक, पुराना बस स्टैंड, दुर्गा भवन चौक, भिवानी स्टैंड, शांत मई चौक, रेलवे स्टेशन, अशोका चौक, भिवानी चुंगी, झज्जर चुंगी, डी-पार्क, गोहाना अड्डा, छोटूराम चौक, मेडिकल मोड़, पावर हाउस चौक व नया बस स्टैंड गेट तक शामिल हैं।