जूता व्यापारी को बंधक बनाकर चार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 14.75 लाख रुपये की वसूली कर ली। वारदात के समय व्यापारी का दोस्त भी उसके साथ था। बदमाशों ने चार घंटे तक बंधक बनाकर शहर से लेकर दिल्ली तक व्यापारी के दोस्तों से रुपयों की वसूली की। बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद व्यापारी ने पीजीआई थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने एक बदमाश को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। वहीं, बंधक बनाने वाले बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। इस आधार पर पुलिस ने उनकी पहचान तो कर ली है, लेकिन बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
शास्त्रीनगर निवासी सनी सिक्का जूतों के होलसेल व्यापारी हैं। रविवार शाम वह आदर्श नगर स्थित अपने दोस्त के रिश्तेदार के घर बैठे थे। उनके साथ तीन दोस्त भी थे। कुछ देर बाद दो दोस्त चले गए। घर पर केवल सनी सिक्का और गांधी कैप निवासी उनके दोस्त रह गये। दो दोस्तों के जाते ही गांधी कैंप का एक हथियारबंद युवक अपने तीन साथियों के साथ घर में घुसा और सनी सिक्का पर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर सनी से रुपयों की मांग की। बदमाशों ने कहा कि जहां-जहां से रुपये मिलते हों मंगवा लो। जान जोखिम में देख सनी ने अशोका चौक के पास रहने वाले अपने दोस्त को फोन किया। दोस्त से पूछा कि उसके पास कितने रुपये हैं? उसने जवाब दिया कि सात लाख हैं। सनी ने कहा कि वह आदमी भेज रहा है उसे रुपये दे देना। इसी बीच बदमाशों ने कॉल को कट कर दिया और अपने आदमी को भेजकर सात लाख रुपये मंगवाकर अपने कब्जे में कर लिए।
व्यापारी के घर से मंगवाये तीन लाख
सात लाख रुपये वसूलने के बाद बदमाशों ने सनी सिक्का को धमकी देते हुए फिर से रुपये मंगवाने की बात कही। इस पर सनी ने अपने घर फोन करके रुपये की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि घर में तीन लाख रुपये रखे हैं। बदमाशों ने सनी के घर अपना आदमी भेजकर तीन लाख रुपये मंगवा लिए।
जब तक रुपये नहीं मिले बनाये रखा बंधक
पुलिस की नजरों से बचने के लिए बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर व्यापारी को कार में बैठाकर नाथूराम कम्यूनिटी सेंटर ले गये। यहां लाकर सनी से फिर तीन लाख रुपये की मांग की। सनी ने दिल्ली में रहने वाले अपने एक दोस्त के पास कॉल की। सनी का दोस्त उस समय गुड़गांव में था। करीब एक घंटे बाद वह दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-11 में रुपये लेकर पहुंचा। बदमाशों ने सनी को तब तक बंधक बनाये रखा जब तक उसके साथी ने दिल्ली में सनी के दोस्त से रुपये नहीं ले लिये। रुपये लेने के बाद बदमाशों ने सनी को छोड़ दिया।
व्यापारी और उसके दोस्त से भी वसूले पैसे
बदमाशों ने सनी के साथ मारपीट कर उसकी जेब से करीब एक लाख रुपये लूट लिये। फिर सनी के दोस्त से दो एटीएम कार्ड ले लिये। उसके खाते से करीब 75 हजार रुपये निकाल लिये। करीब चार घंटे तक दोनों दोस्तों को बंधक बनाकर लूटपाट और वसूली करने के बाद बदमाश भाग गये। इसके बाद सनी ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सनी के बयान लेकर केस दर्ज किया।
शहर और दिल्ली तक तैनात थे बदमाशों के साथी
व्यापारी से रुपये वसूलने के लिए बदमाशों ने शहर और दिल्ली तक अपने आदमी लगा रखे थे। उन्होंने शहर में अपने तीन साथियों को रुपये की उगाही के लिए लगा रखा था। दिल्ली में भी एक आदमी सक्रिय था। जहां से भी सनी ने रुपये मंगवाये, वहीं पर बदमाशों का आदमी पहुंच गया।
वसूली करने वाले बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद
वारदात की जानकारी होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने वारदात स्थल से सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान तो कर ली है, लेकिन उनके बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस के हाथ उन दो बदमाशों की भी फु टेज लगी है, जिन्होंने बदमाशों के इशारे पर पैसे लेकर आये हैं। इनको सनी से पहचान करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
हथियारबंद आरोपी चिन्योट कालोनी का
वारदात में शामिल हथियार बंद एक बदमाश चिन्योट कालोनी का रहने वाला है। व्यापारी ने भी पुलिस को उसकी पहचान के बारे में बताया है। पुलिस ने उसकी तलाश में उसके घर छापेमारी की है, लेकिन वह फरार है।
दिल्ली में उगाही करने वाला काबू
मामले की जांच के लिए दिल्ली गई पुलिस की ने एक आरोपी को दबोच लिया है। यह वही आरोपी है जिसने सनी के दोस्त से रोहिणी सेक्टर-11 में रुपयों की उगाही की थी। इससे अन्य बदमाशों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
दो बदमाशों के हाथ थी पिस्तौल, महिला को कमरे में भेजा
सनी ने बताया कि वारदात में शामिल चार बदमाशों में से दो के हाथ में पिस्तौल थी। एक ने चाकू ले रखा था। सनी ने बताया कि वारदात के समय उनके दोस्त के रिश्तेदार के घर में एक महिला थी। बदमाशों ने घर में घुसते ही महिला को पिस्टल दिखाकर कमरे में भेज दिया। इसके बाद बदमाशों ने सनी और उसके दोस्त का मोबाइल छीन लिया। जब भी दोनों के मोबाइल पर कॉल आती तो बदमाश लाउडस्पीकर ऑन कर बात करवाते। घटना का जिक्र करने पर गोली मारने की धमकी देते।
जूता व्यापारी से लूट का मामला समाने आया है। बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच की जा रही है। केस में कुछ विरोधाभास सामने आ रहे हैं। इसलिए जांच में समय लग रहा है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
- राकेश आर्य, एसपी रोहतक