हथियार बंद चार पांच बदमाशों ने शुक्रवार रात को ड्रेन नंबर आठ के पास चालक पर चाकू से हमला कर कार लूट ली। वारदात के बाद आरोपी चालक को घायल अवस्था में सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे टिटौली चौकी इंचार्ज ने चालक को देखा तो टीम को बुलाकर अस्पताल पहुंचाया। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक गांव गिरावड़ निवासी अशोक रात को कार से अपने घर की तरफ आ रहे थे। वे अपनी कार को किराये पर चलाते हैं। जैसे ही वे ड्रेन नंबर आठ के पास पहुंचे तो चार पांच युवक उनकी कार के सामने खड़े हो गए। इस पर उन्होंने कार रोक ली। जब वे नीचे उतरे तो एक युवक ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने के बाद अशोक बेसुध हो गए। इसके बाद भी आरोपियों ने अशोक पर हमला किया। जब अशोक बेहोश हो गए तो आरोपी उनकी कार लेकर फरार हो गए।
वारदात के करीब दस मिनट बाद टिटौली चौकी इंचार्ज जयदीप वहां से गुजर रहे थे उन्होंने अशोक को सड़क पर तड़पते देखा तो अपनी कार रोक ली। फिर चौकी से अन्य पुलिस कर्मियों को बुलाया। इसके बाद अशोक को पीजीआई में भेज दिया गया। आरोपियों का सुराग मिलने पर पुलिस उनका पीछा करती रही, पकड़े जाने के डर से आरोपी वारदात स्थल से करीब चार किलोमीटर दूर कार छोड़कर फ रार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।