रात करीब साढ़े नौ बजे बीकानेर मिष्ठान के सामने हुआ हादसा
- फोटो : amar ujala
शहर के एक प्रभावशाली व्यापारी एवं कांग्रेसी नेता के बेटे ने रविवार रात करीब 9.30 बजे तेज रफ्तार डस्टर कार से टक्कर मार कर दो युवकों को घायल कर दिया। दोनों घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया गया। हादसे में व्यापारी नेता का बेटा भी घायल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस रात 12 बजे तक घायलों का बयान दर्ज कर रही थी। पुलिस का कहना था कि बयान दर्ज करने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। खबर लिखे जाने तक मामले में केस दर्ज नहीं किया गया था।
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े नौ बजे मानसरोवर पार्क की तरफ से एक डस्टर कार तेजी से अशोका चौक की ओर आई। बीकानेर मिष्ठान के सामने उसने सड़क के किनारे खड़ी स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्विफ्ट कार उछल कर बीकानेर मिष्ठान के गेट तक आ गई। इस दौरान गेट पर बीकानेर मिष्ठान पर काम करने वाले तीन युवक खड़े थे। कार में टक्कर होती देख एक युवक भाग निकला, लेकिन दो युवक सुनील और सर्वेश हरदोई यूपी निवासी कार की चपेट में आकर घायल हो गए। इन्हें तत्काल पीजीआई में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे डस्टर कार चालक के परिजन उसे लेकर चले गए।
हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। इस बीच सूचना पाकर सिविल लाइन थाने के एसएचओ रमेश पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डस्टर कार चालक तेज गति से आ रहा था। उसने सड़क के किनारे खड़ी स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से स्विफ्ट कार उछल गई। इससे उसकी चपेट में दो युवक आ गए। टक्कर की वजह से डस्टर कार का अगला हिस्सा और स्विफ्ट कार का साइड का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। देर रात तक क्रेन से कार को मौके से ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी।
सिविल लाइन थाने के प्रभारी रमेश ने बताया कि मामले में किसी भी ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। हादसे में घायल युवकों का बयान दर्ज किया जा रहा है। उसके बाद ही केस दर्ज किया जाएगा। देर रात तक चर्चा रही कि व्यापारी एवं कांग्रेसी नेता का बेटा होने की वजह से डस्टर कार चालक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने से बचती रही। वहीं, घायल भी किसी प्रकार की शिकायत देने से बचते नजर आए।