भाई की हत्या के मुकदमे में गवाही देने से पहले बैंसी के सरपंच को डराया
- जमानत पर आये आरोपियों ने सरपंच के रोहतक स्थित घर के बाहर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भाई की हत्या के मुकदमे में गवाही देने से पहले बैंसी के सरपंच कृष्णलाल को जमानत पर आये आरोपियों ने डराने का प्रयास किया है। गवाही देने से रोकने के लिए दो आरोेपियों ने सरपंच के श्रीनगर कॉलोनी के घर के बाहर आकर दबाव बनाने का प्रयास किया है। इस संबंध में सरपंच की शिकायत पर पीजीआई थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में महम के गांव बैंसी निवासी कृष्णलाल ने बताया कि वह वर्तमान में रोहतक की श्रीनगर कॉलोनी में रहते है। बैंसी के सरपंच है। 28 अप्रैल 2016 को सरपंच के बड़े भाई अमरनाथ की घर में घुसकर कुछ आरोपियों ने हत्या कर दी थी। इस संबंध में लाखनमाजरा थाने में केस दर्ज किया गया था। फिलहाल मामला कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट में गवाहियों का दौर चल रहा है। कई लोगों की गवाही हो चुकी है जबकि सरपंच की गवाही अभी होनी है। सरपंच का आरोप है कि वह 24 फरवरी को श्री नगर कॉलोनी में अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी एक कार घर के सामने आकर रुकी। तभी कार में बैठे युवकों ने शीशा उतारकर सरपंच की तरफ देखा। सरपंच का आरोप है कि कार में उनके भाई की हत्या में आरोपी रहे नरेश और अनिल बैठे थे। फिलहाल दोनों आरोपी जमानत पर बाहर है। इसके अलावा रामचंद्र पर भी आरोप लगाया। इसके बाद सरपंच के गनमैन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।