गोली लगने से घायल सेना के जवान की मौत
- कलानौर के बसाना गांव का रहने वाला था जवान, जम्मू कश्मीर के बारामूला कैंप में लगी थी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जम्मू कश्मीर के बारामूला स्थित सेना के कैंप में संदिग्ध परिस्थिति मेें गोली लगने से घायल जवान ने शनिवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कलानौर के गांव बसाना निवासी सेना का जवान मोनू दिल्ली के आरआर अस्पताल में उपचाराधीन था। जवान की मौत की सूचना मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
गांव बसाना के सेना से रिटायर्ड हवलदार सोहनलाल का बेटा 24 वर्षी मोनू जम्मू कश्मीर के बारामूला में तैनात था। 25 जनवरी की रात को कैंप में संदिग्ध परिस्थितियों में उसे गोली लग गई थी। घायल अवस्था में उसे जम्मू कश्मीर के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन तक उपचाराधीन रहने के बाद भी मोनू की हालत में सुधार नहीं आया। इसके बाद उसे दिल्ली के आर आर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां कई दिन तक उपचाराधीन होने के बाद सुबह करीब 11 बजे मोनू ने दम तोड़ दिया। मोनू की मौत के बाद सेना अधिकारियों की तरफ से उनके परिवार और गांव के सरपंच को सूचना दी गई। गांव के सरपंच पति दीपक का कहना है कि पूरे गांव में शोक पसरा है। मृतक के चाचा मास्टर रामपाल ने बताया कि तीन महीने पहले ही मोनू की शादी बौंदकला निवासी युवती से हुई थी।