अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
जिले में दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। गांव खेड़ा आलमपुर और खोरी के पास हुए हादसों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार रेवाड़ी-झज्जर रोड पर खेड़ा आलमपुर के पास राहगीरों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त पिकअप सड़क किनारे पलटी मिली। मामले की जानकारी स्थानीय रोहड़ाई थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी से बुरी तरह से लहूलुहान दो युवकों को बाहर निकाला जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जानकारी मुताबिक मृतक की पहचान पंजाब जिले के लुधियाना निवासी अरुण (26) के रूप में हुई, जबकि साथ बैठे युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। वहीं घायलों का उपचार चल रहा है।
वहीं रेवाड़ी-नारनौल रोड पर हुए एक अन्य हादसे में सात छात्राओं समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसा मंगलवार दोपहर खोरी गांव के पास हुआ। जानकारी मुताबिक रेवाड़ी-नारनौल रोड पर खोरी गांव के पास आमने-सामने से आ रहीं वैन और इको गाड़ी टकरा गई। दुर्घटना में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जिसमें वैन चालक नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इको में सवार सात छात्राएं भी घायल हो गईं। इको में घायल छात्राएं तृप्ति, करिश्मा, आरती, ज्योति एवं पारुल तथा दलजीत और वीरपाल जेबीटी का पेपर देने नारनौल जा रही थीं।