ट्रक से हुए हादसे में कैंटर चालक-परिचालक की मौत
जगाधरी वर्कशाप। कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाइवे पर बुधवार सुबह इशोपुर गांव के पास रेत से भरे ट्रक और कैंटर के बीच टक्कर हो गई, जिसमें कैंटर चालक और परिचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को साैंप दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सुबह करीब छह बजे भिवानी के प्रहलादगढ़ निवासी चालक राजपाल (35) कैंटर में क्लीनर डाबर कालोनी निवासी संजय (26) के साथ आम लेकर यमुनानगर मंडी की आ रहा था। गांव इशोपुर के पास रेत से लदे ट्रक से कैंटर की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही कैंटर सड़क किनारे पलट गया, जिसमें चालक और परिचालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राहगीरों की मदद से ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उपचार के दौरान संजय ने दम तोड़ दिया। राजपाल की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टर्स ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। मगर रास्ते में राजपाल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर सदर यमुनानगर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। ट्रक के पलटने से हाइवे पर जाम लग गया, जिससे दोनों वाहनों की कतारें लग र्गइं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवा कर यातायात बहाल करवाया।