फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले नजदीकी बढ़ाई फिर झांसे में लेकर रेखा ने कई महिलाओं को लगाया लाखों का चूना

विज्ञापन
विज्ञापन
मकान रजिस्ट्री कराने के नाम पर जनता कॉलोनी की महिलाओं से उधार लिए 70 लाख, परिवार समेत चंपत
विज्ञापन

-गांधी कैंप में किराये की दुकान में कॉस्मेटिक का सामान बेचती थी, कमेटी डालने के दौरान कॉलोनी की महिलाओं से बढ़ाई नजदीकी
जनता कॉलोनी की 15 महिलाओं का आरोप-करीब 70 लाख रुपये उधार लिए, महिला द्वारा दिए गए चेक हुए बाउंस
महिलाओं ने शिवाजी कॉलोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाकर आरोपी महिला के किराये के घर पर लगाया ताला
-किसी ने 11 लाख तो किसी ने सात-आठ लाख रुपये दिए
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। गांधी कैंप में किराये की दुकान में कॉस्मेटिक का सामान बेचने वाली महिला ने पहले जनता कॉलोनी की महिलाओं से नजदीकी बढ़ाई फिर बैंक से फर्जी लोन के कागज दिखाकर करीब 70 लाख रुपये उधार बटोर लिए। आरोपी महिला रातोंरात जरूरी सामान व परिवार समेत चंपत हो गई। पीड़ित महिलाओं ने बैंक में चेक जमा किया तो वह बाउंस हो गए। महिलाओं ने रिपोर्ट दर्ज करवाकर आरोपी महिला के किराये के घर पर ताला लगा दिया है।
जनता कॉलोनी की पीड़ित महिलाओं ने बताया कि सुनारिया चौक निवासी महिला रेखा गुप्ता पत्नी कुलदीप गुप्ता गांधी कैम्प में किराये की दुकान में कॉस्मेटिक का सामान बेचती थी। उसका पति कुलदीप अनाज मंडी में चाय की दुकान करता था। करीब दो साल पहले वह जनता कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी और एक महिला के साथ मिलकर कमेटी डालती थी। इस दौरान उसने महिलाओं से नजदीकी बढ़ा ली। कुछ दिन बाद वह सुनारिया चौक में किराये के मकान में रहने लगी। इस दौरान उसने महिलाओं को बताया उसका बेटा विदेश गया हुआ है। अब वह सुनारिया चौक में जिस मकान में रहती है, उसकी रजिस्ट्री करवा रही है। तीन-चार लाख रुपये बैनामे के रूप में दे दिए हैं। आरोप है कि कुछ दिन बाद रेखा गुप्ता ने तहत जनता कॉलोनी की महिलाओं के सामने मकान खरीदने के लिए मदद करने की गुहार लगाना शुरू कर दिया। वह बैनामा होने व बैंक से जल्द लोन मिलने के फर्जी कागजात दिखाकर उधारी मांगने लगी। उसका कहना था कि यदि उसने समय पर मकान स्वामी को रुपये नहीं दिए तो उसके लाखों रुपये डूब जाएंगे। साथ ही यह भी कहा कि जैसे ही उसका बेटा विदेश से लौटकर आएगा वैसे ही सबकी उधारी चुका देगी।
विज्ञापन

झांसे में आ गईं महिलाएं
रेखा के झांसे में कॉलोनी की महिलाएं आ गईं। उन्होंने रेखा से शपथ पत्र लिखवाकर और बैंक का चेक लेकर रुपये उधार दे दिए। उसने 15 महिलाओं से रुपये लिए। किसी ने 11 लाख तो किसी ने सात-आठ लाख रुपये दिए। जनता कॉलोनी की महिलाओं का दावा है कि रेखा ने इस तरह से करीब 70 लाख रुपये बटोर लिए। कुछ समय गुजरने के बाद महिलाओं ने उधारी चुकाने की बात कही तो वह टालती रही। जब महिलाओं ने बैंक में चेक लगाए तो वह बाउंस हो गए। इसकी जानकारी होने पर आरोपी रेखा रातोंरात परिवार समेत फरार हो गई।

शिवाजी नगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसपी से गुहार लगाई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवाजी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने आरोपी महिला के किराये के घर पर ताला लगा दिया। वहीं, थाना पुलिस के साथ-साथ मकान स्वामी पर भी आरोपी महिला से मिलीभगत का आरोप लगाया है।

किसी ने 11 तो किसी ने सात लाख रुपये दिए
बोलीं पीड़ित महिलाएं
उसने मदद की बात की थी, मैंने 11 लाख रुपये और जेवर गिरवी रखकर दो लाख रुपये उधार दे दिए। उसके द्वारा दिए गया चेक बाउंस हो गया है। अब समझ नहीं आ रहा कि क्या करूं?
-रीना पत्नी सुरेंद्र कुमार

रेखा ने बैनामे के साथ-साथ बैंक से लोन स्वीकृत होने के कागजात दिखाए। उसने बताया कि बेटा जल्द विदेश से लौटकर आने वाला है, तो वह पूरा ऋण मय ब्याज चुका दूंगी। जब मैने मना किया तो उसने चेक काटकर पकड़ा दिया, जो बाउंस हो गया है। मैंने 11 लाख रुपये दिए थे।
गुड्डी पत्नी सुमेर

मैंने किसी तरह से दो लाख रुपये जोड़े थे। रेखा की बातों में आकर मैंने उसे सभी रुपये दे दिए।
-अनीता पत्नी अनिल

पति से कुछ रुपये लेकर मैने अपने जोड़े गए रुपये मिलाकर रेखा को साढ़े छह लाख रुपये उधार दिए थे। जब रेखा ने चेक दिया तो पूरा भरोसा हो गया कि वह वाकई पीड़ित है। मगर अब पता चला गलती हो गई।
-बीना पत्नी सत्यवीर

मैंने साढ़े तीन लाख रुपये उधार दे दिए थे। अब उसकी बातों को याद करके लगता है कि वह कितना झूठ बोलकर उनको आर्थिक चोट पहुंचा गई है।
-सुशीला पत्नी सुमेरा

मेरे पास सिर्फ 75 हजार रुपये ही थे, जो मैने घर के खर्च से एक-एक पैसा करके जोड़े थे। बहुत बड़ा धक्का लगा जब पता चला कि रेखा फरार हो गई है।
-लक्ष्मी पत्नी वजीर

मैने रेखा की स्थिति को देखकर दो लाख रुपये की मदद की थी। अब मुझे रुपये की जरूरत है, क्योंकि घर में बीमारी चल रही है। इससे परिवार में काफी आर्थिक तंगी पैदा हो गई है। कॉलोनी की किसी महिला से भी मदद नहीं मांग सकते, क्योंकि सभी को नुकसान हुआ है।
-बबिता

मैंने अपने बच्चों से छिपाकर एक लाख रुपये दिए थे। अब बच्चों को पता चला है, तो वह आए दिन झगड़ते हैं। शांत घर के अंदर क्लेश की स्थिति पैदा हो गई है। आर्थिक स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है।
विज्ञापन

-राजरानी

उसकी स्थिति को देखकर 1.80 लाख रुपये इधर-उधर से जुटाकर दे दिए। अब वह रुपये लेकर चली गई है, जिसको लेकर बड़ी परेशानी हो रही है।
-मीनू पत्नी सोमनाथ
इसके अलावा भी कई महिलाओं से लाखों रुपये लिए।

वर्जन
70 लाख रुपये की कोई फीगर तो सामने नहीं आई है। हां, इतना जरूर है कि वह कई महिलाओं से रुपये उधार लेकर गई है। उसकी तालाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। जिस मकान में महिला रहती थी, उसमें कुछ महिलाओं ने ताला लगा दिया है, जिसे खुलवाया जाएगा। जनता कॉलोनी के लोग उसे राजस्थान और पंजाब का बता रहे हैं। पर उसकी आईडी रोहतक की ही है।
-राजेंद्र सिंह, एसएचओ शिवाजी नगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें