रोहतक। बाबा मस्तनाथ नगर में सोमवार देर शाम नेशनल कुश्ती खिलाड़ी के प्रॉपर्टी डीलर पिता को तीन गोलियां मार दी। घटना के समय प्रॉपर्टी डीलर अपने कार्यालय में बैठा था। इस दौरान कार्यालय में छह लोग मौजूद थे। बाकी पांच लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने बड़ा दादा बने सै कहते हुए फायरिंग की और फिर हवाई फायरिंग करते हुए बाइक पर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर कॉलोनी में हड़कंप मच गया था। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। बता दें कि दो माह पहले बुलेट से पटाखा बजाने पर हुई पिटाई से क्षुब्ध युवक के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार अस्थल बोहर निवासी मनवीर सिंह प्रॉपर्टी डीलर है। मनवीर का बेटा दीपक कुमार और उसका भाई मंजीत नेशनल कुश्ती खिलाड़ी है। मनजीत गांव में ही बच्चों को अखाड़े में कुश्ती भी सिखाता है। उन्होंने बताया कि सोमवार की देर शाम करीब 8 बजे उसका भाई मनवीर मस्तनाथ कॉलोनी में स्थित अपने प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर बैठा हुआ था। आरोप है इसी बीच सात युवक पहुंचे और कार्यालय का दरवाजा खुलने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान मनवीर को दो गोलियां पांव जबकि एक गोली हाथ में लगी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायर करते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए। मनजीत का आरोप है कि उसके भाई ने बुलेट से पटाखा बजाने पर गांव के युवक की दो माह पूर्व ही पिटाई कर दी थी। पिटाई का बदला लेने के लिए जेल से बाहर आए युवक के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया है। इसके बाद घायल को पीजीआई में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है।
रंजिश में प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नीरज कुमार, इंस्पेक्टर, थाना अर्बन एस्टेट
मैं अपने कार्यालय पर बैठा हुआ था। इसी बीच जेल से छूटा गांव का युवक अपने साथियों के साथ पहुंचा और आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से घायल हो गया । सभी आरोपी हाथ में पिस्तौल लिए हुए थे। मनवीर, घायल