चोटी कटने का शिकार महिला के घर पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
गांव सिंहपुरा में चोटी कटने का शिकार हुई महिला के घर रविवार को पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिला से पूरे मामले में बातचीत की। करीब आधा घंटे तक महिला से बातचीत करने के बाद पुलिस वापस आ गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने महिला से चोटी काटने वाले के बारे में जानने का प्रयास किया। इस पर महिला ने कहा कि उसे केवल व्यक्ति की परछाई याद है। इसके बाद वह बेहोश हो गई। पुलिस करीब 15 मिनट तक महिला से संबंधित आरोपी के बारे में ही पूछती रही। लेकिन कोई ठोस बात सामने नहीं आई। इसके बाद पुलिस ने महिला के अन्य परिजनों से बात की। परिजनों ने पुलिस से कहा कि उन्हें घटना के बारे में कुछ भी नहीं पता। जब महिला ने सारी बात बताई तो घटनाक्रम के बारे में जानकारी मिली। अब पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि कुछ सुराग लग सके। पुलिस को आशंका है कि क्षेत्र में इस तरह की अफवाहें भी फैलाई जा रही है। बता दें कि शनिवार को गांव सिंहपुरा कला में रिंकू नाम की महिला की चोटी काट ली थी। इस संबंध में जिले में पहली एफआईआर सदर थाने में दर्ज की गई थी। महिला का कहना था कि उसने चोटी काटने वाली परछाई देखी थी।