पति से झगड़कर नवविवाहिता ने लगाया फंदा, हत्या के आरोप के डर से ससुराल वाले पोस्टमार्टम पर अड़े, हंगामा
- नवंबर 2017 में हिसार की युवती की सैनीपुरा मोहल्ले में हुई थी शादी, दोपहर को मां को फोन कर बंद कर लिया था गेट
- भाई को लेने के लिए बुलाया था विवाहिता ने, वीरवार को पुलिस कराएगी पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
सैनीपुरा मोहल्ले में एक नवविवाहिता ने चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने दोपहर को मायके में फोन करके मां को पति से हुए झगड़े के बारे में बताया और कमरे का गेट बंद कर लिया। वीरवार को महिला को लेने के लिए उसका भाई आने वाला था। इससे पहले ही बुधवार दोपहर फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। इसके बाद ससुराल वाले हत्या के आरोप से बचने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़ गए, जबकि मायके वाले शव को ले जाना चाहते थे। पोस्टमार्टम को लेकर मृतका के मायके और ससुराल के लोगों के बीच काफी हंगामा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने दोनों को शांत कराते हुए वीरवार को पोस्टमार्टम कराने का फैसला लिया।
हिसार के अग्रोहा की रहने वाली युवती मीनू(23 वर्षीय) का विवाह 23 नवंबर 2017 को सैनीपुरा निवासी मनीष के साथ हुआ था। पुलिस ने बताया कि मीनू दोपहर को कमरे में गई और दरवाजा नहीं खोला। शाम को खिड़की से देखा तो वह फंदे पर लटकी थी। कुंडी तोड़कर जब वे अंदर गए तो पता लगा कि उसने छत पर लगे कुंडे पर चुन्नी डालकर फंदा लगाया था। बिस्तर पर तकिए को लगाकर उसे कंबल उड़ा दिया गया था, जिससे लोग समझे कि वह सो रही है। ससुराल के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस और मायके पक्ष को दी। सूचना मिलने पर एफएसएल एक्सपर्ट सरोज दहिया भी पहुंचीं और जांच की। जांच के दौरान मीनू के बैग से टूटा मोबाइल मिला है। पुलिस ने टूटा हुआ मोबाइल देखा तो शव का पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया।
पति से हुआ था झगड़ा, भाई आने वाला था लेने
मृतका की मां ने बताया कि बुधवार दोपहर को मीनू का फोन आया था। उसने बताया कि किसी बात को लेकर पति से झगड़ा हुआ है। वीरवार को उसका भाई उसे लेने जाने वाला था। वहीं देर शाम पोस्टमार्टम कराने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मीनू के परिजन उसके शव को अपने साथ ले जाना चाहते थे, वहीं ससुराल के लोग उसका पोस्टमार्टम कराने की बात कर रहे थे। उनका कहना था कि बिना पोस्टमार्टम ले जाने के बाद परिजन कहीं हत्या का आरोप न लगाने लगें।