टावर लगाने के नाम पर बीए के छात्र से ढाई लाख की ठगी
- देवी कालोनी निवासी छात्र बना ठगी का शिकार
- दो के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
टावर लगाने के नाम पर शहर में ठगी के मामलों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। देवी कालोनी निवासी बीए के छात्र को घर में टावर लगाने का झांसा देकर करीब ढाई लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने दो के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
देवी कालोनी निवासी हरीश कुमार ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। कुछ दिन पूर्व राहुल शर्मा व बृजराज के नाम से अज्ञात नंबर से काल आई। कॉल करने वालों ने खुद को गुड़गांव की एक मोबाइल कंपनी का अधिकारी बताया। कहा कि तुम्हारे प्लाट के अंदर कंपनी का टावर लगवा देंगे। इसके बदले प्रतिमाह 25 से 30 हजार रुपये दिए जायेंगे। मगर टैक्स संबंधी कार्य के लिए पहले उनके बताए एकाउंट में रुपये डलवाने होंगे। आरोप है कि अलग अलग तारीख में उक्त लोगों ने उससे करीब ढाई लाख रुपये कई एकाउंट में डलवा लिए। लेकिन टावर नहीं लगाया गया। जिस पर उसे ठगी का अहसास हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
किसी के बहकावे में न आएं : एसपी
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने लोगों से अपील कि है यदि कोई टावर लगवाने या फिर अन्य किसी तरह का झांसा देने का प्रयास करे तो ऐसे लोगों के बहकावे में कतई न आएं। यदि कोई अधिक परेशान कर रहा है तो उसकी सीधे पुलिस से शिकायत करें। टावर लगाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का जल्द ही भंडाफोड़ किया जाएगा।