पीजीआई के लेबर रूम से बच्चा चोरी का मामला
पीएम के दरबार में पहुंचा प्रकरण
परिजनों ने पुलिस पर लगाया जान बूझकर खुलासा नहीं करने का आरोप
डीएसपी बोले- जांच चल रही, जल्द होगा खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पीजीआई के लेबर रूम से चोरी हुए बच्चे के मामले का खुलासा करने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। अब परिजनों ने पीएम को पत्र भेजकर बच्चे की बरामदगी की गुहार लगाई है। आरोप है कि बीस से अधिक बार शिकायत के बावजूद बच्चे की बरामदगी नहीं की जा रही है। पुलिस ने जल्द खुलासे का दावा किया है।
रोहतक के डेयरी मोहल्ला निवासी रंजू ने 10 सितंबर 2017 को रोहतक पीजीआई में एक बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के 15 मिनट बाद ही बच्चा लेबर रूम से चोरी हो गया था। इसके बाद परिजनों व अन्य सामाजिक संगठनों ने जमकर विरोध किया था। मामले के तूल पकड़ने के बाद लापरवाही बरतने पर स्टाफ नर्स बलजीत कौर को सस्पेंड किया गया था। फिर जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी। इसके बाद एसआईटी ने पीजीआई के डॉक्टर सहित 15 लोगों को पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए चिन्हित किया था। अब इस मामले में सभी के पॉलीग्राफी टेस्ट हो चुके हैं। सात माह बीतने के बाद भी पुलिस मामले का खुलासा करने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। रंजू ने बताया कि बीस से अधिक बार मामले की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है। बावजूद इसके बच्चे को तलाश नहीं किया जा रहा है। अब पीएम को पत्र भेजकर बच्चे की बरामदगी की गुहार लगाई है। डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार का कहना है कि अहम सुराग हाथ लगे है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
---
पत्र से कुछ भी नहीं हो पा रहा क्लीयर
डीएसपी ने बताया कि थाने पर पहुंचे अनजान व्यक्ति के पत्र से अभी कोई भी जानकारी हाथ नहीं लग सकी है। पत्र की जांच की जा रही है। हालांकि जिस महिला पर आरोप लगाया है, उसने खुद को निर्दोष बताया है। जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।