संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी मिली विवाहिता
बाढड़ा।
गांव कारी मेला निवासी एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला है। मृतका के पति ने इसे आत्महत्या बताया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर ही आत्महत्या के लिए मजबूर करने या फिर हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपी पति पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में रखवाया है। आरोपी पति की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मृतका के ममेरे भाई तलवंडी राणा निवासी रोहताश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी कारी मेला निवासी दीपक उर्फ संदीप से हुई थी। रोहताश ने बताया कि उसके बहन के ससुर की मौत हो चुकी है और उसका जीजा दीपक उर्फ संदीप शराब व जुआ खेलने का आदी है और अक्सर सुनीता से मारपीट करता था। उसने बताया कि बुधवार को सुनीता के सगे भाई सहित वह संदीप को समझाने कारी मेला आया था। जब वह सुनीता की ससुराल पहुंचे तो उसका शव पंखे से लटकता मिला। मृतका के ममेरे भाई ने बताया कि बहन के फंदे पर लटकने की सूचना उसकी सास ने दी थी। उसने बताया कि सुबह वह सुनीता के दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। कुछ समय बाद जब वह लौटी तो सुनीता का शव पंखे पर बंधे फंदे से लटकता मिला। इस दौरान उसका पति संदीप घर पर ही मौजूद था। वहीं, पुलिस को दी शिकायत में विवाहिता के परिजनों ने आशंका जताई है कि संदीप उर्फ दीपक ने सुनीता को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है या फिर उसकी हत्या कर शव पंखे पर लटकाया है। वहीं, बाढड़ा थाना पुलिस मामले की सूचना पाकर मौके-ए-वारदात पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शाम को शव दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचा दिया। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह कराया जाएगा। पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर आरोपी पति पर मामला दर्ज कर लिया है।
वर्जन::
मृतका के भाई के पुलिस ने बयान दर्ज किए है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संदीप ने उसकी बहन को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है या फिर उसकी हत्या की है। हमने आरोपी पर आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
इंस्पेक्टर जगराम, बाढड़ा पुलिस थाना प्रभारी