बेलगाम ट्रैक्टर ने ली बीटेक के छात्र की जान, चचेरा भाई घायल
: भालौठ गांव के पास मारी बाइक को टक्कर
: सोनीपत जिले के गांव मोहम्मदाबाद का रहने वाला था मृतक
: शादी समारोह में शामिल होने दोनों बाइक पर जा रहे थे जींद
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सोनीपत रोड पर भालौठ गांव के पास बेलगाम ट्रैक्टर-ट्राली ने बीटेक पास एक छात्र की जान ले ली, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक छात्र नवीन कुमार सोनीपत जिले के गांव मोहम्मदाबाद का रहने वाला था। सदर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक मोहम्मदाबाद निवासी 21 वर्षीय अनिल ने बताया कि वह और उसका चचेरा भाई नवीन बीटेक करने के बाद कोचिंग ले रहे हैं। दोपहर करीब अढ़ाई बजे मौसी के लड़की की शादी में शामिल होने के लिए जींद के लिजवाना कलां के लिए रवाना हुए। रास्ते में भालौठ गांव के पास कच्चे रास्ते से पुराली लेकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक चला रहा नवीन और वह बेसुध होकर गिर पड़े। राहगीरों ने पीजीआई में दाखिल कराया, जहां नवीन की मौत हो गई। उसने होश में आने के बाद मामले की सूचना परिजनों को दी। वे रोहतक पहुंचे। इसके बाद सदर थाने में फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया।