लाखनमाजरा मेें सीआईए वन की छापेमारी का मामला ---
पूर्व सरपंच का पोते को क्लीनचिट, गिरफ्तार कुलदीप को भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पुलिस ने मोस्टवांटेड बादशाह और चमारियां रोड से कार लूटने वाले उसके दो साथियों को अपने घर में पनाह देने के मामले में लाखनमाजरा के पूर्व सरपंच के पोते जितेंद्र उर्फ बिट्टू को क्लीनचिट दे दी है।
जांच में सामने आया कि जितेंद्र को बादशाह और उसके दो साथी चेतन व छोटू के आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में जानकारी नहीं दी। वहीं, पुलिस ने जितेंद्र के घर से गिरफ्तार किये कैथल के गांव किठाना निवासी कुलदीप को वीरवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने आरोपी से अवैध हथियार बरामद कर उसे जेल भेज दिया।
बता देें कि सीआईए 1 की टीम ने बुधवार देर शाम लाखनमाजरा के पूर्व सरपंच के घर छापेमारी की थी। यहां पुलिस को मोस्टवांटेड बादशाह व उसके दो साथी चेतन व छोटू के छिपे होने की सूचना मिली थी। जैसे ही पुलिस छापेमारी के लिए घर पहुंची तो सिपाही पर घरवालों ने पाकिस्तानी बुली नस्ल का कुत्ता उन पर छोड़ दिया था। इस पर सिपाही ने अपने बचाव गोली मारकर कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया था। इसी बीच तीनों बदमाश घर की छत से खेतों में कूदकर भाग गये थे। पुलिस ने घर से कुलदीप व सरपंच के पोते जितेंद्र को हिरासत में लिया था।
सरपंच के पोते को नहीं पता थीं आरोपियों की करतूत
एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया है कि जितेंद्र की जान पहचान जींद रोड से गिरफ्तार किये गये जींद के गांव पौली निवासी मंगल से थी। मंगल कुलदीप के संपर्क में था। कुलदीप ने ही मंगल से बात करके तीनों आरोपियों को मंगलवार शाम को जितेंद्र के घर ठहराया था। घर से फरार होने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकता है।