रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर आठ पर संतुलन बिगड़ने से पलटे सीमेंट से भरे ट्राले से एक अन्य ट्राला और कैंटर टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कैंटर में सवार चालक-हेल्पर घायल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार शाम को दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव काठूवास के समीप सीमेंट से भरा एक ट्राला पलट गया था। ट्राले में भरी सीमेंट को खाली करने के लिए श्रमिकों को बुलाया गया था। गांव कसौला निवासी ईश्वर सिंह, किशोर, संदीप व जितेंद्र ट्राला से सीमेंट खाली कर रहे थे। इसी दौरान पीछ से आ रहे एक ट्राला ने सीमेंट के ट्राला को टक्कर मार दी। जितेंद्र दोनों ट्राला के बीच में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य श्रमिक जितेंद्र को दोनों ट्राला के बीच से निकाल ही रह थे, कि पीछे से एक कैंटर भी दोनों वाहनों से टकरा गया। हादसे में कैंटर में सवार जिला नूंह के गांव गुलवाया निवासी असगर और जैकम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने श्रमिकों की मदद से घायलों को रेवाड़ी स्थित ट्रामा सेंटर में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा ईश्वर सिंह की शिकायत पर ट्राला और कैंटर चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।