रोहतक। शिवाजी कॉलोनी स्थित पीएनबी के ग्राहक सेवा केंद्र से तीन नकाबपोश पिस्तौल के बल पर 1.70 लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। पीएनबी एजेंट कोे लूटने के लिए बदमाश वीरवार दोपहर करीब तीन बजे केंद्र के साथ लगती दुकान में 10 मिनट तक बैठे रहे। वारदात से पहले पांच मिनट तक रेकी की। एजेंट संजय ने आरोपियों का पीछा भी किया, मगर तीनों बाइक पर बैठ कर भाग निकले। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
रूप नगर निवासी पीएनबी के एजेंट संजय ने बताया कि वह सुबह नौ बजे दुकान पर आया था। साथ में एक लाख सतासी हजार रुपये कैश थे। दुकान पर मेरा साला भी काम करता है। दोपहर सवा तीन बजे तीन नकाबपोश आए। उन्हाेंने आते ही कनपटी पर पिस्तौल तान दी और बोले, चुपचाप खडे़ हो जाओ। जितना कैश है सारा बाहर निकाल दो। अगर किसी तरह की हरकत की तो गोली मार देेंगे। इसी दौरान हेलमेट पहने तीसरा बदमाश आया और गल्ला खोलकर एक लाख 70 हजार रुपये निकाल कर भाग गए। शेष रुपये ग्राहकों को दे दिए थे। रुपये लेकर भाग रहे बदमाशों का 200 मीटर तक पीछा भी किया, मगर तीनों कुछ दूर खड़ी एक बाइक पर बैठ कर भाग गए। इस बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। देर शाम तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।
वारदात से पहले की रेकी
लूट से पहले बदमाशों ने सेवा केंद्र के आसपास रेकी की। वे केंद्र के साथ लगती दुकान में सीढ़ियों पर बैठे रहे। ग्राहकों की भीड़ कम होते ही तीनों हथियारबंद बदमाश वहां आए। वहां खड़ी एक महिला बदमाशों को देखकर सहम गई और तुरंत वहां से भाग खड़ी हुई।
व्यापारियों में खौफ का माहौल
केंद्र में हुई वारदात के बाद से आसपास के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों में डर का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि इस तरह की घटना नकाबपोश फिर कर सकते हैं। लूटपाट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ये मामले रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। कुछ दिन पहले बिजली निगम के दो कर्मियों से तीन नकाबपोश साढ़े चार लाख रुपये लूट ले गए थे। पुलिस को सुरक्षा व कानून व्यवस्था के बेहतर बंदोबस्त करने चाहिए।
--------
ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट की वारदात हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ सबूत हाथ लगे हैं। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-कमलदीप, प्रभारी, शिवाजी कॉलोनी थाना