रोहतक। बिजली निगम के सीएमडी के आदेश पर वीरवार को बिजली निगम की पांच टीमों ने पुलिस लाइन, पीजीआई समेत 11 कॉलोनियों में सघन चेकिंग की। टीम ने पुलिस लाइन में दो पुलिस कर्मियों और अन्य कॉलोनियों में पांच स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। बिजली चोरी करने वालों पर 1 लाख 60 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है।
गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने के साथ-साथ बिजली की चोरी तेजी से बढ़ती जा रही है। इसकी जानकारी होने पर सीएमडी शत्रुजीत कपूर ने पिछले दिनों प्रदेश के बिजली अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रे सिंग की। निर्देश दिए कि सबसे पहले सरकारी महकमों के आवासों के अंदर बिजली चोरी को लेकर चेकिंग की जाए। बिजली चोरी करते हुए जो भी अधिकारी-कर्मचारी मिले, उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाए। सीएमडी के आदेश के चलते वीरवार को एक्सईएन जेएस नारा ने पांच टीमों का गठन कर सरकारी विभागों के आवासों की चेकिंग के आदेश दिए। इसके चलते सबसे पहले चेकिंग टीम पुलिस लाइन पहुंची, जहां पुलिस कर्मियों के आवासों में चेकिंग की। चेकिंग के दौरान बिंदु पत्नी देवव्रत के घर बिजली चोरी पकड़ी गई जिस पर उन पर मौके पर ही 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद सुनहरी पत्नी बख्शी के घर बिजली चोरी पकड़ी गई जिन पर 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद टीम ने ईएसआई डिस्पेंसरी कॉलोनी, बीएसएनएल कॉलोनी, सिंचाई कॉलोनी, पब्लिक हेल्थ कॉलोनी, ओल्ड पावर हाउस कॉलोनी, पीजीआई मेडिकल कॉलेज, बीएंडआर कॉलोनी, गोहाना रोड, एचवीपीएनएल खोखरा कोट, आल इंडिया रेडियो कॉलोनी में चेकिंग की। इस दौरान टीम ने कुलदीप निवासी शास्त्री नगर, प्रदीप निवासी शिव कॉलोनी, नरेश निवासी बाबरा मोहल्ला व सुरेश निवासी बाबरा मोहल्ला के घर पर बिजली चोरी पकड़ी।
एक्सईएन जेएस नारा का कहना है कि सीएमडी शत्रुजीत कपूर के आदेश पर सरकारी विभागों की कॉलोनियों में बिजली चोरी को लेकर चेकिंग की गई थी। चेकिंग के दौरान पुलिस लाइन के अंदर रहने वाले दो पुलिस कर्मियों के साथ-साथ सात लोगों के घरों पर बिजली चोरी होती पकड़ी गई है। इन सभी पर 1.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। टीमों का चेकिंग अभियान अभी जारी रहेगा।