कांग्रेस के पूर्व मंत्री के रिश्तेदार की स्कारपिओ छीनी
: भालौठ व रुड़की गांव के बीच शाम सात बजे हुई वारदात
: रिढाऊ गांव से शादी समारोह में शामिल होने रोहतक आ रहा था परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। कांग्रेस के पूर्व मंत्री व प्रदेश प्रवक्ता कृष्णमूर्ति हुड्डा के रिश्तेदार सोनीपत जिले के गांव रिढाऊ निवासी साहिब सिंह की हथियारों के बल पर कुछ युवकों ने स्कारपिओ गाड़ी छीन ली। साहिब सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए रोहतक आ रहे थे। इस संबंध में सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रिढाऊ निवासी राजेश ने शिकायत दी कि साहिब सिंह की रिश्तेदारी में बुधवार को लड़की की शादी थी। इसके लिए शीला बाईपास के नजदीक शादी समारोह आयोजित किया गया। जब वे सात बजे रुड़की और भालौठ गांव के बीच में पहुंचे तो बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद रिवाल्वर दिखाकर गाड़ी छीन ली। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना प्रभारी मंजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राजेश कुमार के बयान पर केस दर्ज कर लिया।
बाक्स
भाजपा राज में कोई सुरक्षित नहीं : हुड्डा
उसका सालासाहिब सिंह स्कारपिओ गाड़ी में बुधवार शाम रिढाऊ से रोहतक आ रहा था। भालौठ गांव से पहले गाड़ी छीन ली गई। भाजपा राज में कोई सुरक्षित नहीं रह गया है। कानून व्यवस्था का तो दिवाला निकल गया है।
कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता
....
रुड़की व भालौठ गांव के बीच गाड़ी छीनने की शिकायत मिली है। मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
मंजीत सिंह, प्रभारी सदर थाना