अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
महिलाओं की चोटी कटने की अफवाह रुकने का नाम नहीं ले रही है। अंधविश्वास में पड़कर लोग तरह-तरह के उपाय और बातें करने लगे हैं। पुलिस कह रही है कि अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। तर्कशील और मनोवैज्ञानिक इसे बीमारी बता रहे हैं, लेकिन आए दिन महिलाओं की चोटी कटती जा रही है। जिले के उचाना उपमंडल के गांव खापड़ में एक महिला ने चोटी कटने का दावा किया है। इसके अलावा भी कई गांवों में बाल कटने की अफवाहें उड़ती रहीं, लेकिन उनकी पुष्टि नहीं हो सकी।
गांव खापड़ निवासी कौशल्या ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह परिवार के साथ घर के आंगन में चारपाई पर बैठी थी। इसी बीच उसके बाल कट गए। जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी मंदीप सिंह गांव खापड़ पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह की घटना पहले भी दो बार वाल्मीकि मोहल्ले में हो चुकी है। कौशल्या के देवर बलराज ने बताया कि रात पौने आठ बजे कौशल्या और परिवार की महिलाएं आंगन में चारपाई पर बैठी थीं। इसी बीच काले रंग की एक बिल्ली दीवार फांद कर आंगन में आई। देखते ही देखते महिला ने बिल्ली का रूप धारण कर लिया। बलराज का कहना है कि इसे कौशल्या की बेटी ने देखा। इसके बाद वह चिल्लाई, लेकिन महिला फिर बिल्ली का रूप धारण करके चली गई। इसी बीच कौशल्या ने देखा तो उसके बाल कटे पड़े थे। शोर मचने के बाद आसपास के लोग अपने मकानों की छतों और गलियों में आ गए, लेकिन कहीं कोई बिल्ली नजर नहीं आई।
---
घरों के बाहर टंगी नीम की टहनियां
घटना के बाद गांव के लोग सहमे हैं। महिलाओं ने घर के दरवाजे के आगे नीम के पत्ते टांग दिए हैं। मकान के दरवाजे के आगे मेहंदी, हल्दी से हथेली की छाप बनाई हैं। महिलाओं का मानना है कि ऐसा करने काली बिल्ली घर में नहीं आएगी। गांव में एक-दूसरे के देखा-देखी लोग ऐसा कर रहे हैं।
---
युवा देंगे ठीकरी पहरा
वाल्मीकि मोहल्ले में दो घटनाएं होने का दावा किया जा रहा है। इसके बाद अब हरिजन मोहल्ले में घटना होने से गांव के युवा रात में ठीकरी पहरा देंगे। प्रदीप, सुरेश, राममेहर ने कहा कि गांव के लोग ठीकरी पहरा देंगे। शुरूआत में जब बाल कटने की घटनाएं सुनी तो लगा था कि अफवाह है लेकिन अब यकीन होने लगा है।
कटी मिली चोटी
मंडी स्थित चौकी इंचार्ज रमेश चहल बताया कि कौशल्या ने शिकायत दी है कि उसके बाल कटे हैं। पुलिस को घर में कोई नहीं दिखा, लेकिन उसकी चोटी कटी मिली है। थाना प्रभारी मंदीप चहल ने कहा कि लोगों को अफवाह के चलते डरने की जरूरत नहीं है।
टोटकों का लिया जा रहा सहारा
जुलाना के आसपास के गांवों में चोटी कटने की अफवाह का बाजार गर्म है। लोग घरों के आगे नींबू, मिर्च, और नीम की टहनियां लगा रहे हैं। मेहंदी और सिंदूर के थापे भी लगा रहे हैं। लोग शाम के समय घर से नहीं निकल रहे हैं।
---
लोगों को अफवाह के चलते डरने की जरूरत नहीं है। बच्चे भी समयानुसार स्कूल जाएं। अगर कोई झूठी अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रभान सिंह, थाना प्रभारी जुलाना।
बाक्स
कोरा अंधविश्वास है, कर देंगे साबित
यह कोरा अंधविश्वास है। बाल कट सकते हैं, इससे इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन इसका भी वैज्ञानिक आधार है। राजस्थान में हुई घटना से साबित हो चुका है कि महिला मानसिक रोगी थी और उसका शुगर लेवल 427 पहुंच गया था। इस कारण वह बेहोश हुई। जिले में कोई घटना हुई तो इसका पर्दाफाश करने के लिए हमारी टीम तैयार है। जिला प्रशासन या पंचायत इसके लिए पहल करे। अफवाह के चलते पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। नीम के पत्ते तोड़ दिए गए हैं।
- जयप्रकाश लुदाना, पूर्व जिला सचिव, हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति।
- अंधविश्वास में पड़कर लोग कर रहे हैं तरह-तरह के उपाय, मनोवैज्ञानिक बता रहे हैं बीमारी
- गांव खापड़ में एक महिला ने किया चोटी कटने का दावा, पुलिस को दी शिकायत
- महिला ने कहा-काली बिल्ली आंगन में आई और शोर मचाते ही बाल काटकर भागी