अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सांपला से फतेहाबाद के पशु व्यापारियों का अपहरण कर सरपंच से बीस हजार की फिरौती मांगने वाले गिरोह के सरगना समेत चार बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। गिरोह ने अपहरण कर फिरौती मांगने की वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित व्यापारियों को ही फंसाने को पुलिस कंट्रोल रुम पर काल कर कैंटर में गोवंश ले जाने की सूचना दी थी। पुलिस गिरोह के सदस्यों से पूछताछ में जुटी है।
फतेहाबाद जिले के बैबलपुर गांव के रहने वाले छिंदा सिंह, गुरमीत, केवल सिंह, बिंदर, विजय सिंह, गुरजीत आदि का बुधवार की रात करीब दस बजे सांपला क्षेत्र से कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। यहीं नहीं सभी से सात हजार की नकदी भी लूट ली थी। इसके बाद सभी को अपहरण कर बदमाश सनसिटी के पास ले गए थे। जहां पर गांव के सरपंच के पास काल कर बीस हजार की रंगदारी मांगी थी। एक व्यापारी किसी तरह छूटकर पुलिस के पास पहुंचा था। जिस पर बदमाश मौके से फरार हो गए थे।
सांपला थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, कंसाला चौकी प्रभारी हरिओम और उनकी टीम ने चार बदमाशों को दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश किशनपुरा का पवन, जसिया का मोनू, जसवीर कालोनी में रह रहा बिहार के पटना का मोनू, असौदा गांव का योेगेंद्र शामिल है। लूट में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस कंट्रोल रुम पर काल की थी तथा सूचना दी कि कुछ तस्कर केंटर में गोवंश को ले जा रहे हैं। सूचना के बाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पवन गिरोह का सरगना है। पवन पर चोरी लूट के सात जबकि मोनू पर तीन केस दर्ज है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है। एसपी ने 24 घंटे के अंदर ही गिरोह का पर्दाफांस करने वाले एसएचओ सांपला कुलबीर सिंह और खरावड़ चौकी प्रभारी हरिओम को सम्मानित करने की बात कहीं है।