अमर उजाला फॉलोअप
भाई की हत्या का बदला लेने को सीआरपीएफ जवान ने लाइसेंसी दुनाली से मारी थी गोली, 5 पर केस
- कारौर में हत्या के जमानत पर छूटे हत्यारे को गोली मारने का मामला
- घायल के भाई की शिकायत पर पांच पर केस
पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। कारौर गांव में बुधवार रात युवक अजय को गोली मारने के मामले में पुलिस ने सीआरपीएफ जवान समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपी सीआरपीएफ जवान सुनील ने अपने सगे भाई की हत्या का बदला लेने के लिए जमानत पर छूटे अजय को लाइसेंसी दुनाली से गोली मारी थी।
गोली लगने से घायल अजय के भाई राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2010 में गांव के दीपक की हत्या कर दी गई थी। जिसमें उसे, उसके भाई अजय, पिता आजाद, मामा के लड़के रितिक, पड़ोसी राजबीर और उसकी पत्नी उषा को नामजद किया गया था। सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इस पर सभी ने हाईकोर्ट से जमानत ले ली थी। बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह पड़ोसी बिधान्स के घर से भाई अजय को बुलाकर घर लौट रहा था। रास्ते में सीआरपीएफ जवान सुनील, रोहताश, सतबीर, रमेश समेत पांच लोग पहुंचे। सुनील ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक से भाई अजय को गोली मार दी। कहा कि इसी ने मेरे भाई दीपक की हत्या की थी। अजय ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया तो पीछे से भी उसे गोली मारी। पीजीआई में अजय की हालत नाजुक है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सीआरपीएफ के जवान समेत पांच पर केस दर्ज कर लिया है।
सीआरपीएफ का जवान भी गोली मारने में शामिल था। उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से ही गोली मारी है। जांच की जा रही है। पांच पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- कुलबीर सिंह, एसएचओ, सांपला
अभी भी दी जा रही मारने की धमकी
पीड़ित परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें अभी भी मारने की धमकी दी जा रही है। परिवार दहशत में है। सुरक्षा की भी मांग की है।