आरओएच- 111 से लेकर 113 तक
---------
मारबल बदलने को लेकर खुद को सीएम का भतीजा बताने वाला व्यक्ति और व्यापारी भिड़े, चार घायल
-दोनों पक्षों ने आर्य नगर थाने पर दी एक दूसरे के खिलाफ शिकायत
पुलिस बोली-मामले की जांच की जा रही, सिविल अस्पताल में घायलों को कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। घनीपुरा मोहल्ले में वीरवार को मारबल बदलने को लेकर ग्राहक और व्यापारी आपस में उलझ गए। दोनों पक्षों में लाठी डंडे और लात-घूसे चले। दोनों पक्षों के चार घायल हो गए। ग्राहक ने खुद को सीएम का भतीजा बताया। हालांकि, पुलिस ग्राहक के सीएम का भतीजा होने की बात से साफ इंकार कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
झज्जर रोड घनीपुरा के प्रधान राजू ने बताया कि व्यापारी मुकेश के यहां से दो दिन पूर्व ही रोहतक निवासी जितेंद्र खट्टर मारबल लेकर गया था। वीरवार को जितेंद्र कुछ मारबल को बदलवाने के लिए लेकर आया। इसी बीच उसने व्यापारी मुकेश और उसके बेटे के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर धारदार हथियारों से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इसमें मुकेश के अलावा उसका बेटा मृदुल, मयंक घायल हो गए। मामले की सूचना पुलिस को देने पर जितेंद्र ने धमकी भी दी।
उधर जितेंद्र ने खुद को सीएम का भतीजा बताया। कहा कि वह मारबल बदलवाने के लिए गया तो उसके साथ मुकेश व अन्य ने पहले तो गाली गलौज की। इसके बाद उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। उसे दौड़ाकर पीटा गया। जिससे वह घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ आर्य नगर थाने पर शिकायत दी है।
-------
दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास जारी है। जितेंद्र सीएम का भतीजा नहीं है।
-सुनीता, एसएचओ, आर्यनगर थाना