अमर उजाला पड़ताल
बदमाश मस्त, पुलिस पस्त, जनता त्रस्त
56 दिन में एएसआई के बेटे समेत 13 की हत्या, 18 लूट और स्नैचिंग, 25 जगह चोरी
- जानलेवा हमले के छह मामले भी आए सामने, वारदात पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे एसपी
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। नए एसपी भले ही अपराधों पर अंकुश लगाने का दावा कर रहे हों। लेकिन उनके करीब दो माह के कार्यकाल के दौरान जमकर वारदात हुईं। जिलेभर में बदमाशों ने एएसआई के बेटे समेत 13 लोगों की हत्या कर दी। वहीं 18 लूट और स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। कई व्यापारियों से रंगदारी वसूली गई। गुस्साए व्यापारियों ने कलानौर का बाजार तक बंद रखा। चोरों ने बंद पड़े 25 मकानों को भी निशाना बनाया। पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों व लोगों में पुलिस के प्रति रोष है।
रोहतक के एसपी पंकज नैन का 26 अप्रैल को झज्जर के लिए ट्रांसफर कर दिया गया था। करनाल के एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने 27 अप्रैल को रोहतक का चार्ज ग्रहण किया था। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने का दावा किया था। मगर एसपी के 56 दिन के कार्यकाल में बदमाश खुलकर खेले। एसपी की ज्वाइनिंग वाले दिन ही कारौर में पूर्व सरपंच के भाई आनंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद बदमाशों ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। जन्मदिन से डेढ़ घंटे पहले ही एएसआई के बेटे वीरेंद्र को शीला बाईपास पर गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।
इसके बाद जसिया में 12वीं के छात्र जयदीप, सैमाण में विनोद की हत्या कर दी गई। भैसरूकलां में ट्यूबवेल ऑपरेटर खजान सिंह को मौत के घाट उतारा गया। मुरादपुर टेकना गांव में व्यापारी के बेटे प्रवीण को गोलियों से भून दिया। नए एसपी के कार्यकाल में अब तक जिले में 13 लोगों की हत्या की गई। जबकि कलानौर व सांपला में व्यापारियों से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। सांपला में व्यापारी से रंगदारी मांगी गई। लूट व स्नैचिंग की कुल 18 वारदात को अंजाम दिया गया। इसके अलावा चोरों ने बंद पड़े 25 मकानों में चोरी की गई।
हालांकि पुलिस ने कई वारदात का खुलासा करने में भी कामयाबी हासिल की। मगर अभी भी जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जिसको लेकर लोगों व खासकर व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस के प्रति रोष पनप रहा है।
कलानौर में व्यापारियों ने रखा बाजार बंद, पलायन की चेतावनी
लूट और रंगदारी की घटनाओं का खुलासा न होने के विरोध में कलानौर के व्यापारियों ने बाजार भी बंद रखा। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। यहीं नहीं कई व्यापारियों ने तो जल्द खुलासा न होने पर पलायन तक की चेतावनी दे डाली।
पुलिस ने चोरी, लूट व हत्या की कई वारदातों का खुलासा किया है। जल्द ही पेंडिंग मामलों का भी खुलासा कर दिया जाएगा। सांपला और कलानौर की वारदात को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हाेंगे।
-जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी
पुलिस ने इन घटनाओं का किया खुलासा
- सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर की रिश्तेदार ममता अरोड़ा से स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले सहारनपुर के आरोपी अनिल को गिरफ्तार किया
- सिंहपुरा गांव में ट्रक चालक की हत्या करने वाले सोनीपत के आरोपी हेल्पर को गिरफ्तार किया
- कारौर के आनंद हत्याकांड में आरोपी सोहनवीर समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया
- मेवात गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
- बीएससी के छात्र विरेंद्र की हत्या करने वाले बदमाश विक्की बॉक्सर को गिरफ्तार किया
- इसके अलावा अन्य भी कई मामलों का खुलासा करने में पुलिस कामयाब रही।
हत्या और जानलेवा हमले
27 अप्रैल कारौर में पूर्व सरपंच के भाई आनंद की गोली मारकर हत्या
31 अप्रैल भैसरु कलां में ट्यूबवेल ऑपरेटर खजान सिंह की गोली मारकर हत्या
2 मई जन्मदिन से डेढ़ घंटा पहले एसएसआई के बेटे की गोली मारकर हत्या
5 मई बालंद गांव में गवाही से रोकने के लिए डेयरी संचालक रविंद्र को गोली मारी
24 मई हत्या कर दो युवकों के शवों को जेएलएन नहर में फेंका
26 मई जसिया के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं के छात्र जयदीप की हत्या
27 मई सैमाण गांव में किसान विनोद की पीट-पीटकर हत्या
2 जून अजायब गांव में विवाहिता पूजा की हत्या
4 जून मुरादपुर टेकना गांव में परचून व्यापारी के बेटे प्रवीण की गोली मारकर हत्या
7 जून मोखरा गांव में दिल्ली पुलिस के एएसआई के बेटे को गोली मारी
9 जून सिंहपुरा के निकट ट्रक चालक की हत्या, शव को जलाया
10 जून रोहतक के रामचंद्र के ढाबे पर दवा विक्रेता देविंद्र को गोली मारी
18 जून चिन्यौट कॉलोनी में चोर ने चाकू से हमला कर एक को मारा, पांच घायल
20 जून सांपला के नौनंद में भाई ने बहन शीला की बीयर की टूटी बोतल घोंपकर की हत्या
लूट और रंगदारी की प्रमुख घटनाएं
28 अप्रैल सांपला में व्यापारी से बीस लाख की रंगदारी मांगी
6 मई सुनारिया चौक पर सुआ घोंपकर रामेश्वर से हजारों की नगदी लूटी
9 मई बाइक सवार ने छोटूराम, सुभाष, सेक्टर एक में चार लोगों से की स्नैचिंग
17 मई डीएलएफ कॉलोनी में बाइक सवार ने दिल्ली पुलिस के जवान की पत्नी से पर्स लूटा
1 जून कबीर कॉलोनी निवासी दीपक से हथियारों के बल पर पांच हजार की नकदी व जेवरात लूटे
2 जून जागृतिक लोनी निवासी दीपक से लूट
2 जून रेलवे रोड स्थित पीपी ज्वैलर्स के यहां से तीन महिलाओं ने तीन लाख के जेवरात ठगे
16 जून चावला चौक पर महिला से मोबाइल छीना
18 जून सांपला में दो व्यापारियों से लूट व रंगदारी मांगी
18 जून कलानौर में व्यापारी से लूट, विरोध करने पर व्यापारी को गोली मारी
पुलिस से लेकर सीआईए हो रही फेल
भले ही वारदात के खुलासे के लिए एसपी ने सीआईए-1 से लेकर सीआईए-2, एवीटी, एसआईटी का गठन किया हुआ हो। मगर उक्त टीमें भी वारदात का खुलासा करने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही हैं। चाहे क्रांति गैंग के सरगना राजेश भारती, संजीत बिदरो को पकड़ने का मामला हो या फिर बड़ी वारदातों का खुलासा करने का। पुलिस की विशेष टीमें पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। हालांकि कुछ घटनाओं का टीमों ने खुलासा भी किया है।
राजेश के एनकाउंटर के बावजूद नहीं रुक रही लूट और रंगदारी
दिल्ली की स्पेशल सेल ने क्रांति गैंग के सरगना राजेश भारती, संजीत बिदरो समेत चार को एनकाउंटर में मार गिराया। बावजूद इसके रोहतक में रंगदारी, लूट की वारदात पर अंकुश नहीं लगा है। सांपला और कलानौर में बदमाशों ने रंगदारी से लेकर लूट की वारदात को बेखौफ होकर अंजाम दिया। पुलिस उक्त गिरोह के सदस्यों को पकड़ने में नाकाम रही है।
नशे के कारोबार करने वालों पर कसा शिकंजा
एसपी जशनदीप सिंह के कार्यकाल में नशे का कारोबार करने वालों पर जरूर शिकंजा कसा जा सका है। पुलिस ने अब तक नशे के कारोबार से जुड़े 13 से अधिक लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इसके अलावा यूपी व बिहार के नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को भी जेल भेजा जा चुका है।
खुलासा करें, वरना होगा आंदोलन : व्यापारी
व्यापारी सुनील कुमार, मनोज का कहना है कि बदमाश बेखौफ होकर रंगदारी से लेकर व्यापारियों के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि या तो पुलिस जल्द से जल्द घटनाओं का खुलासा करे। वरना व्यापारी बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
फोटो परिचय
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा
----