सरपंचों ने की डंपरों पर रोक लगाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
पुलिस एवं परिवहन विभाग की पकड़ से बचने के प्रयास में ओवर लोड डंपर बावल क्षेत्र के गांव खंडोडा, राजगढ़, धारन, साबन, भड़ंगी और आसरा का माजरा से होकर गुजरने लगे हैं। इससे गांवों की सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। ग्रामीणों को हर वक्त हादसे का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने ओवरलोड डंपरों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर उपायुक्त को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं। इसके बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अमर उजाला ने जिन गांवों से ओवर लोड डंपर निकलते हैं। उनके सरपंचों से बातचीत की।
---
सरकार की सख्ती के बाद ओवरलोड वाहन चालक शॉर्ट कट रास्ता अपनाने की चक्कर में उनके गांव से निकलते है, जिससे न केवल सड़कें बदहाल हो रही हैं बल्कि हादसों का भी डर बना रहता है। करीब दो दिन पूर्व ग्रामीणों ने ओवर लोड डंपरों को खदेड़ा भी था। - चरण सिंह, सरपंच गांव साबन।
---
राजस्थान की तरफ से आने वाले ओवर लोड डंपर शॉर्टकट एवं पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए बिघाना होकर उनके गांव से होकर निकलते हैं। ओवरलोड डंपरों से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। सड़क की हालत भी बदहाल हो चुकी है। कई बार प्रशासन को शिकयत भी कर चुके है, लेकिन समस्या जस की तस की बनी हुई है। - अनिल तंवर, सरपंच गांव धारण।
----
ओवरलोड वाहन ग्रामीणों के लिए परेशानी बने हैं। जयसिंहपुर खेड़ा बार्डर पर पुलिस नाके से बचनेे के लिए खंडोडा मोड़ होते हुए ओवर लोड चलने वाले वाहन उनके गांव की सड़क से होकर निकलते हैं। जिससे न केवल सड़क की हालत बदहाल हो चुकी है बल्कि कई बार हादसे भी हो चुके है। - विकास महलावत, सरपंच गांव आसरा का माजरा।
----
गांव बार्डर पर होने के कारण ओवर लोड वाहन उनके गांव से होकर निकलते है। जिससे गांव कई बार दुर्घटना भी हो चुकी है। डंपरों के कारण गांव जो जोड़ने वाली सड़कों का भी बुरा हाल हो चुका है। प्रशासन को इन वाहनों पर लगाम कसनी चाहिए ताकि लोगों को कोई परेशानी न उठानी पड़े। - बाबूदान, सरपंच गांव कनूका
---
शाहजहांपुर से रेवाड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर शाम ढलते ही ओवर लोड डंपरों का आवागमन शुरू हो जाता है। ये डंपर तेज गति से निकलते हैं और हादसों को भी अंजाम देते है। उनका गांव मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण ग्रामीणों को हादसों का डर बना रहता है। इनके कारण कई बार यहां दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। - कविता यादव, सरपंच मोहनपुर।