आरोपी और पीड़ित के डीएनए टेस्ट को सैंपल मधुबन प्रयोगशाला भेजे
- आरोपी नाजिम द्वारा 13 वर्षीय बच्ची से यौन उत्पीड़न का मामला
- पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस कर रही मामले की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। 13 वर्षीय नाबालिग को पैदा हुआ बच्चा आरोपी नाजिम का ही है या फिर किसी अन्य का। इसकी जांच के लिए पुलिस ने पीड़ित और आरोपी के ब्लड सैंपल और सीमेन को डीएनए टेस्ट के लिए मधुबन प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
13 वर्षीय नाबालिग ने करीब एक सप्ताह पूर्व बच्चे को जन्म दिया था। बच्चा गली में पड़ा मिला था। जिसे उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया था। बाद में पुलिस को पता चला था कि रामपुर के रोहतक में रहने वाले होटल संचालक नाजिम ने नाबालिग के साथ रेप किया था। जिसके कारण नाबालिग को बच्चा हुआ। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बच्चा आरोपी नाजिम का ही है या फिर किसी अन्य का। इसकी जांच के लिए पुलिस ने पीड़ित और आरोपी का डीएनए टेस्ट कराने की बात कहीं थी। पुरानी सब्जी मंडी एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के ब्लड और आरोपी के सीमेन को डीएनए टेस्ट के लिए मधुबन प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।