हेल्थ यूनिवर्सिटी से ही चोरी हुईं कापियां, प्रशासन ने माना
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। आरोपियों से बरामद की गईं बी फार्मेसी की कापियां हेल्थ यूनिवर्सिटी के स्टोर से ही चोरी की गईं हैं। पिछले चार दिनों से कापियां चोरी होने से इनकार कर रहा पीजीआई प्रशासन बुधवार को बैकफुट पर आ गया। परीक्षा नियंत्रक ने स्वीकारा कि संस्थान से करीब डेढ़ सौ कापियां चोरी हुई हैं। पीजीआई के पुख्ता सुरक्षा के दावे के बीच आरोपी जसवंत ने एक नहीं बल्कि दो बार हेल्थ यूनिवर्सिटी के स्टोर रूम में सेंधमारी की है। करीब तीन माह पहले उसने आधी रात में पीजीआई से कापियां चोरी की थीं।
दरअसल, पीजीआई प्रशासन का दावा था कि उन्होंने बी फार्मेसी की सारी कॉपियों की गिनती कर ली है। संस्थान में सभी कापियां सुरक्षित हैं। लेकिन ये दावे हवाई निकले। पुलिस मुख्य आरोपी जसवंत उर्फ जस्मू को बुधवार को पीजीआई में निशानदेही के लिए ले गई। यहां पर आरोपी ने कबूल किया था कि उसने दो बारी में स्टोर से कापियां चोरी की। इसके बाद पुलिस ने पीजीआई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार से कॉपियों की जांच करवाई। इस दौरान संजय ने माना कि कापियां पीजीआई प्रशासन की हैं। उन्होंने करीब 150 कॉपियों की पहचान की है। इस संबंध में डॉ. संजय ने पुलिस को लिखित में बयान दिया है।
लगातार दो दिनों तक की स्ट्रांग रूम में सेंधमारी
आरोपी जसवंत ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले स्ट्रांग रूम से कापियां चोरी की थी। आरोपी स्ट्रांग रूम की खिड़की से अंदर गया था। रात करीब दो बजे उसने कापियां चोरी की। इसके बाद कापियों को बोरे में भरकर ले गया था। आरोपी ने लगातार दो दिनों तक स्ट्रांग रूम में सेंधमारी की। जबकि पीजीआई प्रशासन कड़ी सिक्योरिटी का दावा कर रहा है। आरोपी ने बताया कि उसने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया। चोरी करने उसने किसी की मदद नहीं ली। आरोपी जसवंत सात दिन के पुलिस रिमांड पर है।
जल्द होगी और कॉपियों और रुपये की बरामदगी
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने पीजीआई से और भी कापियां चोरी कर रखी हैं। हालांकि आरोपियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उन्होंने कापियां कहां रखी हैं। इस संबंध में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दो दिन में पुलिस आरोपियों से कापियां बरामद कर लेगी। अभ्यर्थियों से ठग गए रुपयों की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
यह है मामला
बता दें कि पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट एंड डिटेक्शन टीम ने चार दिन पहले थुराना निवासी नीरज और आदर्श नगर के जसवंत उर्फ जस्मू को बी फार्मेसी की लिखी और खाली उत्तर पुस्तिकाओं के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने पीजीआई के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत करके कापियां चोरी करने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद तीसरे आरोपी विकास को गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।
पीजीआई प्रशासन ने माना है कि उनके स्टोर से ही कापियां चोरी की गईं हैं। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार ने लिखित में बयान दिया है। अब आरोपियों से अन्य कापियां भी बरामद की जाएंगी।
- मनोज कुमार, प्रभारी एंटी व्हीकल थेफ्ट एंड डिटेक्शन टीम।