कराटे खिलाड़ी से छेड़छाड़ और मोबाइल नंबर मांगने का मामला ---
आरोपी सिपाही को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
महिला थाना पुलिस ने नेशनल कराटे खिलाड़ी गोल्ड मेडलिस्ट से छेड़खानी करने वाले ट्रैफिक सिपाही को कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस ने शुक्रवार देर रात को पीड़िता खिलाड़ी के 164 के बयान दर्ज करवाए। मजिस्ट्रेट के सामने दिये बयानों में भी पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ जमकर जहर उगला। खिलाड़ी से छेड़छाड़ के आरोप में जींद के बीबीपुर निवासी सिपाही यासीन को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
बता दें कि रोहतक ट्रैफिक पुलिस के सिपाही जींद के बीबीपुर गांव निवासी यासीन ने दोस्ती करने के लिए नेशनल कराटे खिलाड़ी गोल्ड मेडलिस्ट प्रीत विहार कॉलोनी निवासी नेहा से उसका मोबाइल नंबर मांगा था। इस हरकत पर बिफरी नेशनल खिलाड़ी ऑटो के अंदर ही डेढ़ किलोमीटर तक वर्दी पहने सिपाही की धुनाई करते हुए महिला थाने में पहुंच गई थी। थाने में एसएचओ सुनीता ने सिपाही पर कार्रवाई करने की बजाए खिलाड़ी को तर्क दिया था कि वह सिर्फ आरोपी को जलील कर सकती है। खिलाड़ी ने अपने मोबाइल में पूरे मामले की वीडियो और फोटो कैद कर ली थी। इस संबंध में अमर उजाला ने 6 अप्रैल के अंक में प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया था। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी के आदेश पर सिपाही के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया गया था। फिर डीएसपी डॉ रविंद्र ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया था। इसके अलावा एसएचओ सुनीता को लाइन हाजिर कर दिया था।