एचआईवी पीड़िता को खून देने के बदले मांगा ब्लड डोनर
सीडब्ल्यूसी चेयरमैन बोले-मेरा खून ले लो तो दिया ब्लड
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। पीजीआईएमएस के ब्लड बैंक में सोमवार को एचआईवी पीड़िता के लिए खून लेने पहुंचे सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन से ब्लड यूनिट देने के बदले डोनर मांगा। इस पर चेयरमैन बोले- कि महिला के साथ तो कोई है नहीं, वह स्वयं का ब्लड ही दे देते हैं। इस पर विभाग ने अपनी ओर से एक यूनिट ब्लड जारी किया।
पीजीआईएमएस में उपचाराधीन सोनीपत की एचआईवी पॉजिटिव महिला मरीज से मिलने सोमवार को संस्थान निदेशक व सीडब्ल्यूसी चेयरमैन वार्ड पहुंचे। कमेटी के चेयरमैन डॉ. राजसिंह सांगवान ने बताया कि महिला को सांस लेने में समस्या थी, उसका हालचाल जानने के लिए वह मौके पर गए थे। जब मौके पर डॉक्टरों ने एआरटी सेंटर से महिला का पूरा रिकॉर्ड मंगाया तो पता चला कि उसमें रक्त की कमी है और डॉक्टरों ने उसे रक्त की यूनिट चढ़ाने की सलाह दी है। जब महिला के लिए ब्लड लेने ब्लड बैंक गए तो विभाग ने बदले में रक्त की यूनिट मांगी।
इस पर सीडब्ल्यूसी चेयरमैन बोले कि महिला के साथ कोई नहीं है, वही अपना रक्त देने को तैयार हैं। अधिकारी ने हैरानी जताई कि ऐसा कैसे हो सकता है, विभाग को सोच समझ कर कार्य करना चाहिए। मरीज की देखभाल और उसकी जिम्मेदारी सारी अस्पताल प्रशासन की है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि मरीज की कोई दवा बाहर से नहीं आएगी। महिला के साथ एक कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। इससे पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र कुमार को महिला की रिपोर्ट लाने को कहा था।
खुद कराया था अस्पताल में भर्ती
गौरतलब है कि पीजीआई में भर्ती एचआईवी पीड़ित महिला के पति की भी इसी बीमारी के चलते मौत संस्थान में हो चुकी है। महिला को जब उपचार के लिए भर्ती नहीं किया जा रहा था कि सीडब्ल्यूसी के हस्तक्षेप के बाद महिला को दाखिल कर उपचार दिया जा रहा है।