हत्यारोपी शिवांश का यू-ट्यूृब चैनल हो रहा हिट
- प्रिंसिपल रितु छाबड़ा के हत्यारोपी शिवांश का है पंजाबी पुत्त नाम से यू-ट्यूब चैनल
- लाइक से ज्यादा डिस लाइक क्लिक कर रहे लोग
- वीडियो व्यू 150 से बढ़कर हो गए 36 हजार
राहुल शर्मा
यमुनानगर। स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल के हत्यारोपी शिवांश का पंजाबी पुत्त नाम से यू-ट्यूब चैनल हिट हो रहा है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हत्याकांड से पहले चैनल के सिर्फ आठ सब्सक्राइबर थे, जो अब बढ़कर 134 से अधिक हो चुके हैं। वहीं, चैनल पर शिवांश की डाली गई कुल सात वीडियो पर पहले जहां 150 व्यू थे, वह अब 36 हजार को पार कर गए हैं। चैनल के सब्सक्राइबर व वीडियो पर व्यू लगातार बढ़ते रहे हैं। हालांकि उसके चैनल को 111 लोगों ने लाइक्स और 138 ने डिसलाइक्स किया है।
शिवांश ने यह पंजाबी पुत्त नाम का यू-ट्यूब चैनल 30 मई, 2017 को बनाया था। उसके द्वारा कुल सात वीडियो डाले गए, जिसमें पांच वीडियो दो माह पहले, एक वीडियो एक माह पहले और एक को हत्याकांड से एक दिन पहले डाला गया। दो वीडियो गानों पर एनिमेटिड एडिटिंग की हुई है व एक में शिवांश बॉक्सिंग ग्लब पहनकर अभ्यास और अन्य चार में शिवांश गानों पर होंठ हिलाकर एक्टिंग करता दिख रहा है। इनमें सबसे ज्यादा व्यू उसकी 18वें च मुंडा बदनाम हो गया...गाने पर डाली गई वीडियो पर आ रहे हैं, जिसे 11 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। वहीं, अन्य वीडियो पर भी 500 से 800 के बीच व्यू हो चुके हैं।
बॉक्स
छह घंटे में बढ़ गए दो हजार व्यू और 33 सब्सक्राइबर
बुधवार को शिवांश के चैनल पर सभी वीडियो के सुबह 11 बजे तक 34 हजार व्यू थे, जो शाम छह बजे बढ़कर 36 हजार को पार कर गए। वहीं, सुबह 11 बजे तक 104 से बढ़कर शाम छह बजे सब्सक्राइबर की संख्या भी 137 हो गई। उसके चैनल पर इस तरह सब्सक्राइबर बढ़ने और वीडियो के व्यू बढ़ने के पीछे हत्याकांड के बाद शिवांश की सभी वीडियो व उनके लिंक को लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर शेयर किया जाना है। यह वीडियो देख कुछ लोग चैनल सब्सक्राइब भी कर रहे हैं, लेकिन खास बात यह है कि वीडियो पर लोग लाइक्स से ज्यादा डिस लाइक्सपर क्लिक कर रहे हैं। वहीं, हत्याकांड को लेकर आलोचना से भरे कमेंट्स भी आ रहे हैं।
बॉक्स
इधर...शिवांश की एफबी हुई डी-एक्टिवेट, जहां आ रहे थे आलोचना भरे कमेंट्स
शिवांश की फेसबुक आईडी अब डी-एक्टिवेट हो गई है, जहां लोग उसकी बुलेट व अन्य फोटो पर हत्याकांड को लेकर कमेंट्स कर रहे थे। ऐसा अनुमान है कि शिवांश से पासवर्ड पूछ परिवार के किसी सदस्य द्वारा आईडी को मंगलवार को डी-एक्टिवेट कर दिया गया।
बॉक्स
रितु छाबड़ा के बेटे को सोशल मीडिया पर लोगों का मिल रहा सपोर्ट
प्रिंसिपल रितु छाबड़ा के बड़े बेटे जितेश छाबड़ा द्वारा अपनी फेसबुक आईडी पर मां रितु की फेसबुक आईडी पर टैग कर डाली पोस्ट को पढ़ने के बाद लोगों का सपोर्ट मिल रहा है। इस पोस्ट को सोमवार की देर रात 12 बजे डाला गया था, जिसे बुधवार देर शाम तक 1600 से अधिक लोग शेयर कर चुके हैं। जबकि पोस्ट पर 1300 लाइक्स, रोने की 354 व गुस्से की आठ स्माइली आ चुकी हैं।
फोटो-5 व 6