सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में ही की गई थी एएसआई के बेटे की हत्या, केस दर्ज
पुलिस मामले की जांच में जुटी, पूछताछ के लिए दो को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मोखरा गांव के दिल्ली पुलिस के एएसआई के बेटे की हत्या बस में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में ही की गई थी। पुलिस ने सात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। दो को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
मोखरा खास गांव निवासी दिल्ली पुलिस के एएसआई आनंद के बेटे हरियाणा पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे मिलन को वीरवार की देर रात गांव में ही कुछ युवकों ने गोली मार दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घायल को पीजीआई में भर्ती कराया गया था। जहां पर घायल की हालत गंभीर बनी हुई थी। बाद में उपचार के दौरान घायल मिलन ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां सरला ने महम थाने पर शिकायत करते हुए बताया कि 6 और 7 जून को मिलन का रोहतक में बस स्टैंड के पास ही बस में सीट पर बैठने को लेकर गांव के युवकों से झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े में गांव के मोहित, जैकी सुमित, नितिन, चार अन्य पर मिलन की हत्या करने का आरोप लगाया। आरोप था कि वीरवार की रात में ही सभी फैसले के लिए घर पर आए थे। जैसे ही मैं पानी लेने के लिए गई, मिलन को गोली मारकर घायल कर दिया गया। महम थाने पर सभी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने दो को पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है।
वर्जन
सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में ही एएसआई के बेटे की हत्या की गई है। केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- मंजित मौर, एसएचओ, महम
बदमाशों का सफाया करना चाहता था अमन
अमन के परिजनों ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में भर्ती होकर बदमाशों का सफाया करना चाहता था। बीए की परीक्षा भी उसने बढ़िया अंकों से पास की थी। प्रतिदिन वह कोचिंग के अलावा घर पर भी कड़ी मेहनत कर रहा था।