ऑटो में सवार महिला का पर्स चोरी करने के आरोप में महिला सहित दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पुलिस ने ऑटो सवार महिला के बैग से नकदी व मोबाइल चोरी के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी महिला प्रीति को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। जबकि आरोपी विकास को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बता दें कि एकता कालोनी निवासी मधु ने चार अप्रैल को पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में महिला ने बताया था कि वह हुड्डा कॉम्पलेक्स स्थित एसबीआई बैंक की शाखा से 20 हजार रुपये निकाले थे। महिला ने नकदी और मोबाइल पर्स में रखकर अपने बैग में रख लिये थे। शांतमई चौक से एक ऑटो में सवार हो गई थी। जब वह सिविल लाइन थाने के सामने उतरी तो बैग में पर्स नहीं मिला। पर्स में 25 हजार रुपये, मोबाइल व अन्य कागजात थे। पुलिस ने जांच करते हुए शांतमई चौक स्थित एक होटल की सीसीटीवी फुटेज ली। जिसमें पीड़िता मधु के साथ एक महिला व एक पुरुष भी ऑटो में सवार मिले। इसके बाद पुलिस ने पानीपत निवासी प्रीति को गिरफ्तार किया। उससे चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी गांव पिल्लू खेड़ा (जींद) हाल सेक्टर-29 पार्ट-2 पानीपत निवासी विकास को नया बस अड्डा रोहतक के सामने स्थित सिटी पार्क के पास से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी विकास करीब एक साल से प्रीति के साथ रह रहा है। दोनों आरोपियों ने ही महिला के बैग से पर्स चोरी किया था।