शाह के स्वागत के लिए होर्डिंग लगा रहे व्यक्ति को कार ने कुचला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्वागत के लिए रोहद टोल प्लाजा के पास होर्डिंग लगा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। व्यक्ति को उपचार के लिए पीजीआई लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सांपला थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया।
मूलरूप से देह निवासी वर्तमान में फतेहपुरी कॉलोनी में रहे रहे दीपक ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता है। मंगलवार देर रात पिता राजकुमार के साथ अमित शाह के आगमन के लिए रोहतक से सांपला तक रोड पर बैनर और होर्डिंग लगा रहे थे। रात करीब सवा बजे रोहद टोल से सांपला की तरफ रोड के दोनों साइड होर्डिंग व बैनर तैयार कर रहे थे। इसी बीच एक कार चालक सांपला की तरफ से तेज गति से गलत साइड से आ रहा था। चालक ने सीधा दीपक के पिता राजकुमार को टक्कर मार दी। इससे राजकुमार के सिर में गहरी चोट आई। इसके बाद आरोपी कार को लेकर टोल की तरफ भाग गया। तभी घटना की सूचना पुलिस को दी गई। फिर दीपक अपने पिता को रोहतक पीजीआई लेकर आया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में दीपक ने आरोपियों के बारे में जांच पड़ताल की। दीपक ने बताया कि आरोपी इनोवा कार में सवार थे। हादसे से पहले आरोापियों ने एक ढाबे के पास शराब पी थी। शराब पीने के बाद वह रोड की गलत साइड पर चले थे।